दुर्घटना के बाद कार में फंसी महिला 
आसनसोल

दुर्घटना में घायल परिवार के लिए ‘देवदूत’ बनी पुलिस

लाखों के गहने, नकदी और पालतू डॉग सुरक्षित लौटाया

Sanjay Singh

अंडाल : नेशनल हाईवे(NH -19 ) पर मंगलवार अलसुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे के बाद अंडाल पुलिस ने ईमानदारी और संवेदनशीलता की मिसाल पेश की है। दिल्ली से कोलकाता लौट रहे सॉफ्टवेयर इंजीनियर के परिवार की कार ट्रक से टकरा गई। हादसे में घायल परिवार को अस्पताल पहुंचाने के साथ ही पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार में छूटे लाखों रुपये के जेवरात, नकदी, अहम दस्तावेज और उनके पालतू कुत्ते को सुरक्षित ढूंढकर परिजनों के सुपुर्द किया।

जानकारी के अनुसार, दिल्ली में कार्यरत सॉफ्टवेयर इंजीनियर स्वरूप कुमार अपनी पत्नी, बच्चे और पालतू डॉग के साथ कार से कोलकाता जा रहे थे। अंडाल थाना के पास सुबह करीब 4 बजे उनकी कार अनियंत्रित होकर एक ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और परिवार गंभीर रूप से घायल हो गया।

ASI ने तुरंत संभाला मोर्चा, अस्पताल पहुंचाया

सूचना मिलते ही अंडाल थाने के ASI चिन्मय चक्रवर्ती पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना समय गंवाए घायलों को तुरंत रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद क्षतिग्रस्त गाड़ी के मलबे से सोने-चांदी के कीमती आभूषण, भारी नकदी और जरूरी दस्तावेज सुरक्षित बरामद किए। मलबे के पास सहमे बैठे पालतू कुत्ते को भी पुलिस ने सुरक्षित अपने संरक्षण में ले लिया।

थाने बुलाकर सौंपा सारा सामान

कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद थाना प्रभारी प्रीतम पाल की मौजूदगी में ASI ने सारा सामान और पालतू डॉग स्वरूप कुमार को सकुशल सौंप दिया। अपना कीमती सामान और बेजुबान साथी वापस पाकर स्वरूप कुमार भावुक हो गए। उन्होंने कहा, "हादसे के वक्त हम पूरी तरह असहाय थे, लेकिन अंडाल पुलिस ने जिस तरह फरिश्ता बनकर हमारी मदद की, उसने खाकी पर हमारा भरोसा कई गुना बढ़ा दिया।"

SCROLL FOR NEXT