दुर्गापूजा पंडाल का निरीक्षण करने पहुंचे एसीपी व अन्य पुलिस अधिकारी 
आसनसोल

कोयलांचल में पुलिस अलर्ट, एसीपी ने परखी पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था

एसीपी दीप कुमार दास बोले - दर्शनार्थियों और महिलाओं की सुरक्षा पहली प्राथमिकता

Sanjay Singh

अंडाल: कोलकाता के चोरबागान स्थित दुर्गा पूजा पंडाल में हुए हादसे के बाद कोयलांचल में पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। रविवार को अंडाल, फरीदपुर और पांडवेश्वर थाना क्षेत्र के विभिन्न पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था की जमीनी हकीकत परखने के लिए पुलिस के आला अफसर सड़कों पर उतरे।

आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के एसीपी (अंडाल डिवीजन) दीप कुमार दास के नेतृत्व में पुलिस टीम ने फरीदपुर के मदारबनी, मधाईपुर और पांडवेश्वर के खोट्टाडीह स्थित प्रमुख पंडालों का औचक निरीक्षण किया। वहीं अंडाल के खास काजोड़ा और सिदुली में भी पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया।

एसीपी ने पंडालों के प्रवेश व निकास द्वारों की चौड़ाई और भीड़ नियंत्रण के लिए की गई बैरिकेडिंग की मजबूती जांची। आपातकालीन निकास (इमरजेंसी एग्जिट) मार्गों को पूरी तरह खुला रखने के निर्देश दिए।

शॉर्ट सर्किट से बचाव के लिए बिजली के तारों की खुली वायरिंग की जांच की गई और अग्निशमन यंत्रों (फायर एक्सटिंग्विशर) की कार्यप्रणाली परखी गई। पंडाल परिसरों में महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा और संवेदनशील स्थानों पर नजर रखने तथा

पंडालों के आसपास जाम की स्थिति से निपटने के लिए सुव्यवस्थित पार्किंग और ट्रैफिक रूट डायवर्जन लागू करने के निर्देश संबंधित थाना प्रभारियों को दिए गए।

श्रद्धालुओं से लिया फीडबैक, कमेटियों को चेतावनी

निरीक्षण के दौरान एसीपी दीप कुमार दास ने पूजा आयोजकों और मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं से सीधा संवाद कर व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया। उन्होंने पूजा कमेटियों को दो टूक शब्दों में हिदायत दी कि सुरक्षा मानकों और नियमों के पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए गाइडलाइंस का शत-प्रतिशत पालन अनिवार्य है।

SCROLL FOR NEXT