संजय सन्मार्ग संवाददाता अंडाल: पश्चिम बंगाल के स्वास्थ्य ढांचे को पटरी पर लाने और आम जनता को विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं देने के लिए राज्य सरकार ने बड़े नीतिगत फैसलों का ऐलान किया है। शुक्रवार को अंडाल एरोट्रोपोलिस में एक प्राइवेट कैंसर अस्पताल के शिलान्यास समारोह में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि राज्य में चार नए मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जाएंगे, जिसके लिए फंड भी जारी कर दिया गया है।
कैंसर व गंभीर बीमारियों की दवाएं मिलेंगी सस्ती
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आम जनता पर इलाज का आर्थिक बोझ कम करना सरकार की प्राथमिकता है। कैंसर सहित अन्य गंभीर और असाध्य बीमारियों की महंगी दवाएं रियायती दरों पर उपलब्ध कराने के लिए प्रमुख अस्पतालों में '100 अमृत औषधि केंद्र' खोले जाएंगे।
अडानी समूह के अस्पताल में 1000 बेड मुफ्त
मुख्यमंत्री ने बताया कि न्यूटाउन में अडानी समूह द्वारा एक आधुनिक सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल का निर्माण शुरू हो चुका है। इस अस्पताल में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के मरीजों के लिए 1,000 बेड पूरी तरह निःशुल्क आरक्षित रहेंगे। पिछली सरकार पर वार: 'नेताओं का वेतन बढ़ा, मरीजों की थाली का बजट नहीं'
पूर्ववर्ती तृणमूल सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकार में विधायकों, मंत्रियों का वेतन तो लगातार बढ़ाया गया, लेकिन अस्पतालों में भर्ती गरीब मरीजों के खाने का बजट जस का तस छोड़ दिया गया। मात्र 56.40 रुपये में तीन वक्त का पौष्टिक भोजन संभव नहीं था, इसलिए हमारी सरकार ने आते ही बीते अगस्त माह में इस बजट को बढ़ाकर 110 रुपये किया है।
समारोह में ये रहें उपस्थित - शिलान्यास समारोह में मंत्री तापस राय, अग्निमित्रा पाल, डॉ. अजय पोद्दार, सुमाना सरकार, मौमिता विश्वास मिश्रा, सांसद सौमित्र खां, रामकृष्ण मिशन के स्वामी सोमात्मनंद महाराज आदि उपस्थित थे।