संजय सन्मार्ग संवाददाता अंडाल: दुर्गापूजा के उल्लास के बीच हुड़दंगियों और ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। अंडाल मोड़ ओवरब्रिज के नीचे महाष्टमी की रात पुलिस ने सघन जांच अभियान चलाकर बिना हेलमेट और शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की और मौके पर ही कई चालान काटे।
अंडाल मोड़ ओवरब्रिज के नीचे लगा नाका
सड़क हादसों पर लगाम लगाने और त्योहार के दौरान सुगम यातायात बनाए रखने के उद्देश्य से अंडाल थाना प्रभारी और अंडाल ट्रैफिक पुलिस के नेतृत्व में यह विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस टीम ने ओवरब्रिज के नीचे बैरिकेडिंग कर हर संदिग्ध वाहन को रोका। इस दौरान विशेष रूप से बिना हेलमेट फर्राटा भर रहे बाइक सवारों और नशे की हालत में ड्राइविंग करने वालों की ब्रीथ एनालाइजर से जांच की गई।
नियम तोड़े तो खैर नहीं
पुलिस की इस औचक कार्रवाई से नियम तोड़ने वाले चालकों में अफरा-तफरी मच गई। कई वाहन चालक रास्ता बदलकर भागने की फिराक में दिखे, लेकिन मुस्तैद जवानों ने उन्हें घेर लिया और जुर्माना वसूला।
लापरवाही पड़ सकती है जान पर भारी
ट्रैफिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि हेलमेट सिर्फ कानूनी औपचारिकता नहीं, बल्कि जान बचाने का सबसे अहम सुरक्षा कवच है। वहीं, शराब पीकर वाहन चलाना न केवल चालक बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य राहगीरों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकता है।
पुलिस की अपील
पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों और वाहन ड्राइवरों से अपील की है कि वे त्योहार की खुशियों में सुरक्षा का ध्यान रखें। घर से निकलते समय हेलमेट अनिवार्य रूप से पहनें, गति सीमा का पालन करें और नशे की हालत में स्टेयरिंग या हैंडल बिल्कुल न थामें। ट्रैफिक पुलिस ने साफ कर दिया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आगे भी ऐसी ही सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।