संजय सन्मार्ग संवाददाता अंडाल: ईसीएल के काजोड़ा एरिया अंतर्गत खास काजोड़ा कोलियरी में इंडियन नेशनल माइंस ऑफिसियल एंड सुपरवाइजरी स्टाफ एसोसिएशन (इनमोसा) की बैठक हुई। बैठक में माइनिंग सरदार और ओवरमैन के लंबित प्रमोशन, कोयला कर्मियों के अधिकारों और खदानों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर प्रमुखता से चर्चा की गई।
लंबित प्रमोशन और सुरक्षा से समझौता नहीं
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल संगठन के बीसीसीएल के डिप्टी जनरल सेक्रेटरी खुश कुमार सिंह ने कहा कि कोयला उद्योग की मजबूती में सुपरवाइजरी स्टाफ और कर्मियों की भूमिका अहम है। उनके अधिकारों की रक्षा और समस्याओं का समाधान संगठन की प्राथमिकता है। उन्होंने माइनिंग सरदार व ओवरमैन के प्रमोशन से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि खदानों में कार्यरत कर्मियों की सुरक्षा के साथ किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जा सकता। इसके लिए सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन और बेहतर कार्य व्यवस्था सुनिश्चित करने की जरूरत बताई गई।
संगठन की मजबूती पर मंथन
बैठक के दौरान वक्ताओं ने कहा कि कर्मचारियों की जायज मांगों और लंबित मामलों को उचित मंच पर मजबूती से रखा जाएगा। मौजूद सदस्यों ने भी अपने सुझाव रखे और संगठन को और सशक्त बनाने तथा कर्मियों के हितों के लिए निरंतर आवाज उठाने का संकल्प लिया।
इन पदाधिकारियों की रही मौजूदगी
इस अवसर पर इनमोसा के डिप्टी जनरल सेक्रेटरी सुखेन राय चौधरी, बीसीसीएल अध्यक्ष वाई.के. सिंह, उपाध्यक्ष विजय यादव, डिविजनल सचिव शिव कुमार महतो, अरुण कुमार दुबे, जॉइंट सेक्रेटरी राकेश सिन्हा, रवि ओंकार, अमित कुमार झा समेत विभिन्न एरिया के सदस्य और प्रतिनिधि उपस्थित रहे।