संजय सन्मार्ग संवाददाता अंडाल: अंडाल ब्लॉक के काजोड़ा मोड़ से सटी सिंघारन नदी तट पर कथित कब्जे के प्रयास को लेकर शनिवार को भारी तनाव पैदा हो गया। नदी किनारे पिलर गाड़े जाने की सूचना मिलते ही स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता मौके पर जुट गए और जमकर विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर मौके पर मौजूद बुलडोजर की मदद से सभी पिलर तुड़वा दिए। हंगामे की सूचना पर अंडाल थाना की पुलिस पहुंची और स्थिति को संभाला। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, नदी से लगे क्षेत्र में पहले से एक निजी रियल एस्टेट कंपनी की आवासीय परियोजना चल रही है। हालांकि, नदी की जमीन पर पिलर किसने और किसके निर्देश पर बनवाए, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।
रातोंरात 10-12 पिलर खड़े करने का आरोप
भाजपा युवा मोर्चा के जिला सचिव संजय चौधरी ने आरोप लगाया कि मिट्टी डालकर नदी के हिस्से को पाटने और घेरने की कोशिश की जा रही थी। उन्होंने कहा कि रातोंरात करीब 10 से 12 पिलर बना दिए गए थे, जिन्हें मौके पर मौजूद बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। ये सब किसने किया इसकी जानकारी ली जा रही है। भोला सिंह नामक एक व्यक्ति का नाम सामने आ रहा है।
भाजपा मंडल-2 के अध्यक्ष बलवंत पासवान ने कहा कि सिंघारन नदी क्षेत्र की बड़ी आबादी के लिए जीवनदायिनी है, लेकिन भू-माफिया इस पर कब्जा जमाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि भू-माफिया शायद भूल रहे है कि राज्य में अब तृणमूल की नहीं भाजपा की सरकार है। तृणमूल जमाने में भू-माफियाओं में जमीन लूट का जो नशा चढ़ा था शायद वह नशा अब भी बरकरार है। उन्होंने कहा कि भाजपा सिंघारन नदी की अस्तित्व की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने चेतावनी दी कि नदी को पाटने और तट पर अवैध कब्जे की कोशिश करने वालों के खिलाफ बीएलएलआरओ और ब्लॉक प्रशासन को शिकायत दी जाएगी तथा सख्त कार्रवाई की मांग की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने जताई चिंता
नदी में स्नान के लिए पहुंची बुजुर्ग महिला गीता ने बताया कि वे वर्षों से यहां स्नान और छठ पूजा के लिए आती रही हैं। उन्होंने नदी में बहकर आ रहे गंदे तेल और अन्य अवशेषों पर चिंता जताते हुए कहा कि यदि नदी को घेरा गया तो लोगों की आस्था और सुविधा दोनों प्रभावित होंगी। वहीं, स्थानीय निवासी संजय बाउरी ने भी 30 वर्षों से नदी से जुड़े अपने अनुभव साझा करते हुए प्रशासन से नदी को संरक्षित करने की अपील की।
प्रशासन का रुख
अंडाल के बीडीओ देवांजन दत्ता ने बताया कि उन्हें इस घटना की औपचारिक जानकारी अभी मिली है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और यदि नदी की जमीन पर अवैध निर्माण या भराई की पुष्टि होती है तो नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।