अंडाल : अंडाल रेलवे स्टेशन प्रांगण में अंडाल जीआरपी ने रक्तदान शिविर का आयोजन किया जिसमें जीआरपी कर्मियों समेत करीब 50 लोगों ने रक्तदान किया। शिविर के उद्घाटन के मौके पर आसनसोल जिला अस्पताल के अधीक्षक डॉ. निखिलचंद्र दास, अंडाल थाना प्रभारी मेघनाद मंडल, अंडाल जीआरपी थाना प्रभारी रविंद्रनाथ प्रामाणिक, दामोदर कॉलोनी ओपी प्रभारी एके हजारी व अन्य अधिकारी उपस्थित थे। रविंद्रनाथ प्रामाणिक ने कहा कि गर्मी के मौसम में विभिन्न ब्लड बैंकों में जरूरतमंद मरीजों को रक्त नहीं मिल पाता है। इस उद्देश्य से वरीय अधिकारियों के मार्गदर्शन में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से समाज को यह भी संदेश देने की कोशिश की गई कि रक्तदान के लिए लोग आगे आएं। उनके दान में दिया गया रक्त किसी के लिए जीवनदायिनी साबित हो सकता है।