संजय, सन्मार्ग सवाददाता
अंडाल : प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार तड़के अंडाल थाना के बहुला बाध्यकर पाड़ा में दबिश दी ।केंद्रीय जांच एजेंसी की टीम सुबह भारी सुरक्षा बलों के साथ स्थानीय दिलीप तुरी के आवास पर पहुंची और ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर दी। अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
कार्रवाई के दौरान केंद्रीय अर्धसैनिक बलों ने पूरे घर को चारों तरफ से घेर लिया, ताकि कोई बाहरी व्यक्ति भीतर न जा सके। सूत्रों के मुताबिक, ED के अधिकारी घर में मौजूद बैंक खातों, प्रॉपर्टी से जुड़े पेपर्स और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रहे हैं। परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।
सुबह-सुबह केंद्रीय एजेंसी के एक्शन की खबर फैलते ही मौके पर स्थानीय लोगों का हुजूम जमा हो गया। फिलहाल ED ने छापेमारी के कारण और बरामदगी को लेकर आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। तलाशी अभियान जारी है।