संजय सन्मार्ग संवाददाता अंडाल: कोल इंडिया लिमिटेड (CIL) का 52वां स्थापना दिवस ECL के बंकोला एरिया में पूरे उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। भव्य समारोह की शुरुआत क्षेत्रीय महाप्रबंधक (GM) आरकेपी सिंह ने कंपनी का ध्वज फहराकर की। इसके बाद एरिया मैनेजर (HR) ने सीएमडी का संदेश पढ़कर उपस्थित लोगों को सुनाया। समारोह के दौरान आयोजित 'सर्वधर्म प्रार्थना' पूरे कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही, जिसने वहां मौजूद सभी लोगों का मन मोह लिया।
समारोह के दौरान एक विशेष और भावुक पल तब आया जब कुमारडीही 'ए' कोलियरी के पिट गेट में फंसे रहे 12 कर्मचारियों को महाप्रबंधक द्वारा सम्मानित किया गया। इसके अलावा, एरिया की सभी यूनिटों से बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले 16 सर्वश्रेष्ठ कर्मचारियों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। वहीं, 36 कर्मचारियों को उनके पदोन्नति (Promotion) आदेश सौंपे गए, जिससे कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई।
महाप्रबंधक ने की उपलब्धियों की सराहना
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाप्रबंधक आरकेपी सिंह ने उत्पादन एवं उत्पादकता में बंकोला क्षेत्र के शानदार प्रदर्शन पर प्रकाश डाला। उन्होंने इस महीने अब तक के सबसे उच्च (All-time high) कोयला उत्पादन को हासिल करने के लिए क्षेत्र के सभी अधिकारियों और कामगारों को बधाई दी तथा उनके प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि सीएमडी डॉ सतीश झा एवं कंपनी के समस्त बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के मार्गदर्शन, कामगारों व अधिकारियों की मेहनत, श्रम संगठनों एवं समस्त स्टेक होल्डर्स के सहयोग से बंकोला क्षेत्र लगातार प्रगति के पथ पर अग्रसर है।