संजय सन्मार्ग संवाददाता अंडाल: DVC के दुर्गापुर स्टील थर्मल पावर स्टेशन (DSTPS) में 02 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक चले 'फिट इंडिया स्वच्छता फ्रीडम रन 7.0' का शुक्रवार को भव्य समापन हुआ। "फिटनेस की डोज, आधा घंटा रोज" थीम पर आधारित इस अभियान का उद्देश्य कर्मचारियों और आम नागरिकों में स्वास्थ्य, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना था।
समापन अवसर पर 31 अक्टूबर को भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती 'राष्ट्रीय एकता दिवस' के रूप में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत प्रशासनिक भवन में सरदार पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर और फिट इंडिया स्वच्छता फ्रीडम रन की शपथ के साथ हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता कार्यकारी निदेशक (संचालन) संजीव श्रीवास्तव ने की।
इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक एवं परियोजना प्रमुख अनिल कुमार जैन, वरिष्ठ महाप्रबंधक सुखदेव खान, महाप्रबंधक एस आर पांडा, अरुंधति मुखर्जी, राजेश लायेक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, सीआईएसएफ कर्मी और लगभग 100 कर्मी मौजूद रहे।
शपथ ग्रहण के बाद प्रशासनिक भवन से प्लांट गेट तक 'फिट इंडिया स्वच्छता फ्रीडम रन 7.0' एवं 'रन फॉर यूनिटी' रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से शारीरिक फिटनेस, स्वच्छता, अनुशासन और राष्ट्रीय अखंडता का संदेश प्रसारित किया गया। कार्यक्रम का समापन “स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत” और “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के संकल्प के साथ हुआ।