हंगामा करते दोनों संगठनों के समर्थक  
आसनसोल

DSTPS गेट पर INTUC और BMS समर्थकों में भिड़ंत

मुद्दा 40 ठेका मजदूरों की छंटनी का

Sanjay Singh

संजय सन्मार्ग संवाददाता अंडाल : अंडाल स्थित डीवीसी की इकाई दुर्गापुर स्टील थर्मल पावर स्टेशन(DSTPS ) गेट के सामने INTUC और BMS के सदस्य आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक और जमकर धक्का-मुक्की हुई, जिससे पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्परतापूर्वक परिस्थिति को नियंत्रित किया। ठेका मजदूरों के नियोजन के मुद्दे पर यह बवाल हुआ है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, प्लांट से करीब 40 ठेका श्रमिकों को नौकरी से हटाए जाने के विरोध में INTUC से जुड़े कॉन्ट्रैक्टर श्रमिक यूनियन के सदस्य डीवीसी गेट के सामने प्रदर्शन करने पहुंचे थे। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि पिछले डेढ़ दशक से काम कर रहे इन मजदूरों को फौरन दोबारा काम पर वापस लिया जाए। इसी दौरान वहां BMS के सदस्य भी पहुंच गए, जिसके बाद दोनों संगठनों के बीच वर्चस्व और मुद्दों को लेकर विवाद गहरा गया।

बीएमएस (BMS) का पक्ष:

बीएमएस से संबद्ध डीएसटीपीएस ठेका मजदूर संघ के कोषाध्यक्ष प्रदीप मंडल ने स्पष्ट किया कि उनका संगठन स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर काम पर रखने की मांग को लेकर मुखर है। उन्होंने आरोप लगाया कि साल 2011 से कुछ लोगों को प्रोसेसिंग में रखा गया था। राजनीतिक हालात बदलने के बाद अब सबसे पहले यहां के स्थानीय लोगों को रोजगार मिलना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ बाहरी लोग आकर यहां की नौकरियां हथियाना चाहते हैं, जिसका बीएमएस कड़ा विरोध करेगा।

इंटक (INTUC) का पक्ष:

वहीं, इंटक के अर्णव मंडल ने कहा कि जिन 40 ठेका मजदूरों को प्लांट से निकाला गया है, वे बीते 15 वर्षों से लगातार अपनी सेवाएं दे रहे थे। उन्हें अचानक नौकरी से बाहर कर दिया गया, जिसके विरोध में वे पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने पहुंचे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान बीएमएस के लोगों ने आकर बदसलूकी और धक्का-मुक्की की।

SCROLL FOR NEXT