इंटक के प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद कमरुज्जमान कमर समर्थकों के साथ 
आसनसोल

DSTPS से 40 ठेका श्रमिकों को हटाने का मुद्दा गरमाया

INTUC ने किया 'आर-पार की लड़ाई' का ऐलान

Sanjay Singh

संजय सन्मार्ग संवाददाता अंडाल : डीवीसी की अंडाल स्थित इकाई दुर्गापुर स्टील थर्मल पावर स्टेशन (DSTPS) में 15 साल की लंबी सेवा दे चुके 40 ठेका श्रमिकों को कथित तौर पर बिना किसी पूर्व नोटिस के बाहर किए जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। अचानक हुई इस कार्रवाई से श्रमिकों में भारी आक्रोश है। मामले की गंभीरता को देखते हुए INTUC के राज्य अध्यक्ष मोहम्मद कामरूज्जमान कमर आज अंडाल पहुंचे और प्रबंधन के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है।

गौरतलब है कि हाल ही में इस मुद्दे को लेकर प्लांट गेट के बाहर BMS और INTUC समर्थकों के बीच भिड़ंत भी हो चुकी है।

आंदोलित श्रमिकों ने प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि कुछ चुनिंदा अधिकारी अपने राजनीतिक स्वार्थ को साधने के लिए एक विशेष श्रम संगठन को फायदा पहुंचा रहे हैं। आरोप है कि वर्षों से निष्ठावान और अनुभवी श्रमिकों की अनदेखी की जा रही है और उनकी जगह बीरभूम तथा पुरुलिया जैसे जिलों से नए व अप्रशिक्षित लोगों को प्लांट में चुपचाप लाने की साजिश रची जा रही है।

"डबल इंजन सरकार से नहीं थी ऐसी उम्मीद": INTUC

अंडाल पहुंचे INTUC के राज्य अध्यक्ष मोहम्मद कामरूज्जमान कमर ने कहा कि राज्य में डबल इंजन सरकार के आने के बाद इस तरह की कार्रवाई की उम्मीद किसी ने नहीं की थी। उन्होंने कहा, 'जो लोग पिछले करीब डेढ़ दशक से ठेका श्रमिक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, उन्हें किसी के इशारे पर रातों-रात हटाकर बाहर के लोगों को काम पर रखने की कोशिश की जा रही है। प्रबंधन को पक्षपात छोड़कर पूरी तरह निष्पक्ष (Neutral) रहना चाहिए।'

उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि प्रबंधन के इस मनमाने और तानाशाही फैसले को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके खिलाफ जोरदार आंदोलन किया जाएगा और जरूरत पड़ी तो न्यायालय का दरवाजा भी खटखटाया जाएगा।

आखिरी सांस तक जारी रहेगा संघर्ष

दूसरी ओर, निकाले गए श्रमिकों ने दो टूक कह दिया है कि वे अपनी आजीविका और अधिकारों की रक्षा के लिए अपनी आखिरी सांस तक संघर्ष जारी रखेंगे। प्लांट गेट पर तनाव का माहौल बना हुआ है और मजदूरों के उग्र तेवर को देखते हुए किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

SCROLL FOR NEXT