अंडाल : अंडाल थाना अंतर्गत सीएल जामबाद इंक्लाइन पाड़ा में अचानक हुए भू-धंसान से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। यहां स्थानीय निवासी श्यामा साव के घर के ठीक पीछे जमीन का एक बड़ा हिस्सा अचानक धंस गया, जिससे बड़ा गड्ढा बन गया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। लोगों में डर का माहौल है कि अगर धंसान का दायरा बढ़ा तो आसपास के रिहायशी मकान भी जमींदोज हो सकते हैं।
खदान में भरा पानी बन रहा खतरा
मौके पर पहुंचे शक्ति केंद्र प्रमुख कालेश्वर पासवान ने स्थिति का जायजा लेते हुए बताया कि श्यामा साव के घर के पीछे अचानक जमीन धंसने से गहरा गड्ढा बन गया है। घटनास्थल के ठीक बगल में कोयला खदान है, जो पानी से लबालब भरी हुई है। आशंका जताई जा रही है कि खदान में जमा पानी के दबाव और अंदरूनी रिसाव के कारण ही ऊपरी जमीन धंसी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि खदान प्रबंधन की लापरवाही के चलते आबादी वाले क्षेत्र के नीचे की जमीन असुरक्षित हो चुकी है। ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि मामले की तकनीकी जांच कराई जाए और गड्ढे की भराई कर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि किसी भी संभावित जान-माल के नुकसान को टाला जा सके।