संजय सन्मार्ग संवाददाता अंडाल: मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले की जांच में अंडाल थाना की पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
एसीपी( अंडाल डिवीजन) दीप कुमार दास ने बताया कि बाइक चोरी से जुड़ी एक शिकायत के बाद मामले की गहन छानबीन शुरू की गई थी। जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे, जिसके आधार पर अंडाल स्टेशन इलाके से जामुड़िया निवासी प्रबोध मंडल तथा बीरभूम के शाहपुर से शेख करिबुल को गिरफ्तार किया गया। दोनों से पूछताछ के बाद चार मोटरसाइकिल बरामद की गई।
गौरतलब है कि गिरफ्तारी के बाद पूछताछ के लिए पुलिस ने एक अभियुक्त को छह दिन और दूसरे को चार दिन की रिमांड पर लिया था। रिमांड अवधि पूरी होने पर सोमवार को दोनों अभियुक्तों को दुर्गापुर न्यायालय में पेश किया गया।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद चारों बाइक किन-किन इलाकों से चोरी की गई थीं। साथ ही इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और संभावित नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है।