संजय सन्मार्ग संवाददाता अंडाल: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शनिवार को ACP (अंडाल डिवीजन) दीप कुमार दास ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मिलकर अंडाल और फरीदपुर थाना क्षेत्र के विभिन्न नदी घाटों का औचक निरीक्षण किया।
अधिकारियों की टीम ने सबसे पहले मदारबनी, मधाईगंज इलाकों में अजय नदी के घाटों की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान फरीदपुर थाना प्रभारी हिमाद्रि शेखर बर्मन और बीडीओ देवदीप बैराग्य भी विशेष रूप से मौजूद रहे। अजय नदी के निरीक्षण के बाद टीम ने झांझरा पहुंचकर स्थानीय तालाब स्थित छठ घाटों का जायजा लिया। इसके पश्चात ACP ने अंडाल इलाके में दामोदर नदी के बसका और 1/5 नंबर घाटों का भी बारीकी से मुआयना किया।
अजय नदी में तेज बहाव, सुरक्षा के होंगे कड़े इंतजाम
निरीक्षण के दौरान ACP दीप कुमार दास ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन दिनों अजय नदी में पानी का बहाव काफी तेज है, जो सुरक्षा के लिहाज से एक बड़ा मुद्दा है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से नदी में खतरनाक जगहों पर बांस के बैरियर लगाए जाएंगे और 'डू नॉट क्रॉस' (Do Not Cross) के बोर्ड चस्पा किए जाएंगे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए प्रमुख घाटों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। घाट तक पहुंचने वाले रास्तों (अप्रोच रोड) को जल्द से जल्द दुरुस्त किया जायेगा।
छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा पहली प्राथमिकता
ACP दीप कुमार दास ने कहा कि लोक आस्था के इस महापर्व पर छठ घाटों पर व्रतियों के अलावा भारी संख्या में श्रद्धालु जुटते हैं। व्रतियों और श्रद्धालुओं को घाटों पर सुरक्षा (Safety & Security) और अन्य सुविधाओं को लेकर किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। छठ पूजा कमेटियों के सदस्यों को अभी से कमर कर घाटों की साफ-सफाई और रास्तों को दुरुस्त करने की तैयारियों में जुटने को कहा गया है।
इधर, स्थानीय निवासियों ने पुलिस और प्रशासन के इस शुरुआती निरीक्षण का स्वागत किया है। लोगों का मानना है कि इस तरह के समय रहते कदमों से पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।