सन्मार्ग संवाददाता
पुरुलिया: नामी कंपनी के ब्रांड नाम का कथित तौर पर इस्तेमाल कर नकली टीएमटी बार (सरिया) की खरीद-बिक्री और भंडारण का मामला सामने आया है। पुरुलिया जिले के नितुरिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने अभियान चलाकर करीब 25 टन संदिग्ध नकली टीएमटी बार जब्त किया है। जब्त सरिया पर ‘सुपर एक्सटी (XT) 600’ ब्रांड का नाम इस्तेमाल किए जाने का आरोप है।
इस मामले में पुरुलिया इस्पात एलॉय प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ कथित तौर पर नकली टीएमटी बार का भंडारण और आपूर्ति करने की शिकायत सामने आई है। मामले को लेकर 25 सितंबर को नितुरिया थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायतकर्ता आईपी लीगल एंड सर्वेलांस सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के जोनल प्रमुख टोटन चक्रवर्ती हैं।
बताया गया है कि संबंधित कंपनी की ओर से क्षेत्र में निगरानी और जांच अभियान के दौरान संदिग्ध टीएमटी बार के भंडारण की जानकारी सामने आई। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। शिकायत के आधार पर नितुरिया थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
कहां बना, कहां से आया—जांच के घेरे में पूरा नेटवर्क
मामले की जांच का जिम्मा पुरुलिया जिला पुलिस की डिटेक्टिव एंड इन्वेस्टिगेशन ब्रांच (डीईबी) को सौंपा गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि जब्त टीएमटी बार कहां तैयार किए गए थे, इन्हें नितुरिया तक कैसे पहुंचाया गया और बाजार में इनकी आपूर्ति किन माध्यमों से की जा रही थी।
इसके साथ ही जांचकर्ताओं की नजर इस बात पर भी है कि क्या इस मामले के पीछे सिर्फ एक कारोबारी प्रतिष्ठान है या फिर नकली टीएमटी बार के उत्पादन, भंडारण और सप्लाई से जुड़ा कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
हालांकि, जब्त टीएमटी बार वास्तव में नकली हैं या नहीं, इसकी अंतिम पुष्टि जांच और संबंधित तकनीकी/कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।