कुल्टी : आसनसोल नगर निगम एवं जिला प्रशासन की उदासीनता के कारण कुल्टी क्षेत्र में अवैध तरीके से खुलेआम तालाब की भराई की जा रही है। इसी क्रम में कुल्टी थाना क्षेत्र के नियामतपुर इलाके की वार्ड संख्या 59 के हुक्का पट्टी स्थित एक व्यवसायी पर तालाब भराई करने का आरोप लगाया जा रहा है।जानकारी के मुताबिक नियामतपुर क्षेत्र के कुमारडीहा इलाके में दाग नं. 272 के पुराने तालाब की भराई खुलेआम की जा रही है। इसे लेकर स्थानीय लोगों की ओर से कुल्टी बीएलआरओ से लिखित शिकायत की गयी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने तालाब भराई करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। इसके बावजूद कुछ व्यवसायी एवं स्थानीय लोग सफेदपोशों की मिलीभगत से अवैध रूप से तालाब भराई का काम खुलेआम कर रहे हैं।
क्या कहना है स्थानीय पार्षद का
वार्ड नं. 59 के पार्षद जाकिर हुसैन इसकी खबर मिलते ही भराई किये जा रहे तालाब के पास पहुंचे। उन्होंने कहा कि इसकी शिकायत नगर निगम के मेयर से की जायेगी और इसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जायेगी।
क्या कहना है बीएलआरओ का
कुल्टी ब्लॉक के बीएलआरओ ने बताया कि इस तालाब की भराई को लेकर शिकायत मिली है। उन्होंने कहा कि इसकी जांच कर कानूनी कार्रवाई की जायेगी।
क्या कहना है भाजपा नेता का
इसे लेकर भाजपा नेता टिंकु वर्मा ने कहा कि जिस वार्ड में अवैध रूप से तालाब भराई की जा रही है, उस वार्ड के पार्षद को इसका पता होना चाहिये। उन्होंने कहा कि इसकी शिकायत बीएलआरओ से की जायेगी।
क्या कहना है व्यवसायी संगठन का
नियामतपुर मर्चेंट चेम्बर एंड इंडस्ट्रीज के सचिव सचिन बालोदिया ने कहा कि तालाब भराई कराना गैरकानूनी है। उन्होंने कहा कि चाहे कोई भी व्यवसायी हो, तालाब भराई करने वाले के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करनी चाहिये।