अंडाल : कोयलांचल में तृणमूल कांग्रेस के एक नेता पर कोलियरियों में नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये हड़पने व ठगी करने का आरोप लगा है। इस घटना को लेकर इलाके में भारी तनाव और हड़कंप का माहौल है। अभियुक्त तृणमूल नेता का नाम अमर भट्टाचार्य है। वह उखड़ा पोस्ट ऑफिस पाड़ा का निवासी है। आरोप है कि उसने अपने राजनीतिक रसूख का इस्तेमाल कर ECL में नौकरी दिलाने का झांसा दिया और कई लोगों से मोटी रकम वसूली। वहीं लंबा समय बीत जाने के बाद भी किसी को नौकरी नहीं मिली।
घर के बाहर धरना प्रदर्शन
गुरुवार सुबह ठगी के शिकार कई पीड़ित अपने पैसे वापस पाने की मांग को लेकर उखड़ा में अमर भट्टाचार्य के घर के सामने धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों में नमिता चटर्जी, झरना राय और अमल कुमार राय सहित कई अन्य लोग शामिल थे। पीड़ितों का आरोप है कि किसी ने अपने बेटे तो किसी ने अपने भाई की नौकरी की उम्मीद में अमर भट्टाचार्य को लाखों रुपये सौंपे थे। पीड़िता झरना ने कहा, "मेरे बेटे को नौकरी दिलाने का झांसा देकर हमसे 12 लाख रुपये लिए गए थे। इसमें से 10 लाख रुपये चेक के जरिए अमर भट्टाचार्य के भतीजे जीत भट्टाचार्य के बैंक खाते में जमा कराए गए थे।"
भतीजा गिरफ्तार, मुख्य अभियुक्त फरार
पीड़ितों की शिकायत के आधार पर अंडाल थाना की पुलिस ने U/S 318(4)/316(2)/61(2) of BNS 2023 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई करते हुए मुख्य अभियुक्त के भतीजे जीत भट्टाचार्य को गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को उसे दुर्गापुर कोर्ट में पेश किया गया। वहीं पुलिस फरार अमर भट्टाचार्य की तलाश शुरू कर दी है।