मुर्शिदाबाद : बहरमपुर में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जब एक सरकारी अनुसूचित जाति (SC) गर्ल्स हॉस्टल की करीब 50 छात्राएं रात का खाना खाने के बाद बीमार पड़ गईं। हॉस्टल की 60 में 50 छात्राएं महालया के शनिवार रात को खाना खाने के बाद बीमार पड़ गईं और उन्हें मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। हालांकि, शुरुआती इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई, लेकिन सोमवार को कुछ की हालत फिर बिगड़ने पर उन्हें पुनः हॉस्पिटल में भर्ती कराना पड़ा। छात्राओं के माता-पिता ने आरोप लगाया है कि उनमें चक्कर आने और मुंह से झाग आने जैसे लक्षण दिखने के बाद उनके खाने में ड्रग्स या ज़हरीले पदार्थ मिलाने का शक लग रहा है। पता चला है कि छात्राओं ने खुद बहरमपुर पुलिस स्टेशन में हॉस्टल अधिकारियों की लापरवाही का आरोप लगाते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने हॉस्टल की कुक बानी हाजरा को पहले ही हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ शुरू कर दी है। बीमार छात्राओं में एक के अभिभावक बिमल कुमार मंडल ने कहा, शनिवार रात बीमार पड़ने के बाद, उनकी बेटी ने उन्हें फोन कर घटना के बारे में बताया। अगली सुबह, उसने उन्हें फिर फोन किया और कहा कि अब वह ठीक है। वहीं रविवार दोपहर फिर कई छात्राएं बीमार पड़ गईं, यह सूचना मिलते ही मैं अस्पताल गया। एक बीमार छात्रा ने बताया कि उस दिन खाना खाने के बाद उसका गला सूखने लगा था और सिर चकरा रहा था। उनमें से कुछ सीधे खड़ी भी नहीं हो पा रही थीं। सब कुछ सुनने के बाद डॉक्टर ने संदेह जताया कि उनके खाने में ड्रग्स मिलाया गया था। इस घटना ने हॉस्टल में रहने वाली छात्राओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बहरमपुर पुलिस स्टेशन के एक पुलिस ऑफिसर ने बताया कि शिकायत दर्ज कर ली गई है। घटना की जांच के साथ ही रसोइये को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।