आसनसोल : आसनसोल के बुधा स्थित दयानंद एंग्लो वैदिक विद्यालय और डीएवी हायर सेकंडरी स्कूल में मंत्री मलय घटक ने स्मार्ट क्लास का विधिवत तरीके से उद्घाटन किया। मौके पर मंत्री मलय घटक ने कहा कि शिक्षा ही सफलता की कुंजी है और आज के युग में शिक्षा को आधुनिक तकनीक से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है। स्मार्ट क्लास की यह पहल विद्यार्थियों के लिए एक नई दिशा और कई अवसर लेकर आएगी। उन्होंने आगे विद्यालय की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह हम सभी के लिए गर्व की बात है कि इस विद्यालय के पूर्व छात्र देवाशीष दत्ता ने ताइक्वांडो खेल में अंतरराष्ट्रीय रेफरी के रूप में क्वालीफाई कर पश्चिम बंगाल के सबसे युवा अंतरराष्ट्रीय रेफरी का गौरव हासिल किया है। यह उपलब्धि न केवल विद्यालय बल्कि पूरे बंगाल क्षेत्र का मान बढ़ाने वाली है। वहीं विद्यालय के सचिव जगदीश प्रसाद केडिया ने कहा कि स्मार्ट क्लास की स्थापना विद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयास और दूरदर्शिता का परिणाम है, लेकिन इसका वास्तविक लाभ तभी संभव है जब शिक्षक और विद्यार्थी इसका भरपूर उपयोग करें। उन्होंने यह भी अपील की कि आने वाले महीनों में विद्यालय की सभी कक्षाओं को एक-एक करके स्मार्ट क्लास में परिवर्तित किया जाए। इस मौके पर रहे मंत्री मलय घटक, आसनसोल नगर निगम के चेयरमैन अमरनाथ चटर्जी, मेयर परिषद सदस्य गुरदास चटर्जी, बोरो चेयरमैन राजेश तिवारी, तीनों विद्यालय के सचिव जगदीश प्रसाद केडिया, समाजसेवी नथमल शर्मा, विद्यालय के अध्यक्ष जगदीश शर्मा, महावीर स्थान सेवा समिति के सचिव अरुण शर्मा, वार्ड 44 के वार्ड अध्यक्ष मुकेश शर्मा सहित विद्यालय के शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित थे।