आसनसोल

24 सितंबर को होने वाले यूनियन चुनाव को लेकर AITUC ने फूंका बिगुल

बर्नपुर इस्पात उधोग की धरती है - AITUC

Suraj Choudhary

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता

बर्नपुर : सेल-इस्को इस्पात संयंत्र में 24 सितंबर को होने वाले यूनियन चुनाव को लेकर यूनाइटेड आयरन एंड स्टील वर्कर्स यूनियन (AITUC) ने बिगुल फूंक दिया है। रविवार को एटक नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव को लेकर कई महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। एटक नेताओं ने कहा कि इस बार का यूनियन चुनाव श्रमिकों के अधिकार और सम्मान की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि प्रबंधन के साथ श्रमिक हितों से जुड़े कई मुद्दे लंबित हैं, जिन्हें मजबूती से उठाने के लिए एटक प्रतिबद्ध है। एटक हमेशा मजदूरों के हक के लिए लड़ती रही है। स्थायी और ठेका श्रमिकों की समस्याओं, वेतन समझौता, बोनस, सुरक्षा और चिकित्सा सुविधा जैसे मुद्दों को लेकर एटक लगातार आवाज उठाती रही है। नेताओं ने दावा किया कि इस बार के चुनाव में श्रमिक एटक के पक्ष में मतदान करेंगे। मौके पर ऑल इंडिया AITUC के वाइस प्रेसिडेंट विद्यासागर गिरी ने भारतीय मजदूर संघ (BMS) पर जमकर निशाना साधा। विद्यासागर गिरी ने कहा कि बर्नपुर इस्पात उद्योग की धरती है। यहां मजदूर आंदोलन का लंबा इतिहास रहा है। BMS का जन्म तो 2014 के बाद बर्नपुर में हुआ है, तो वह कैसे मजदूरों के हित में काम करने का दावा कर सकती है। उन्होंने कहा कि AITUC दशकों से इस्पात नगरी के मजदूरों के सुख-दुख में साथ रही है। चाहे वेतन समझौता हो, बोनस हो, स्थायीकरण का मुद्दा हो या श्रमिकों की सुरक्षा का सवाल, AITUC ने हमेशा सड़क से प्रबंधन तक लड़ाई लड़ी है। आगे कहा कि चुनाव के समय कई संगठन सक्रिय होते हैं और बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन चुनाव के बाद गायब हो जाते हैं। उन्होंने श्रमिकों से अपील की कि वे बहकावे में न आएं और अपने पुराने और भरोसेमंद यूनियन AITUC को ही अपना समर्थन दें। इस मौके पर महासचिव उत्पल सिन्हा, वर्किंग वाइस प्रेसिडेंट फरजान अली, वाइस प्रेसिडेंट भास्कर गांगुली, बिलाल शेख, आर एन सिंह, गुरदास चटर्जी सहित एटक के वरिष्ठ नेता सहित कई यूनियन पदाधिकारी मौजूद थे।

SCROLL FOR NEXT