सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : आगामी काली पूजा, दीपावली और छठ पूजा को देखते हुए शनिवार को आसनसोल के सर्किट हाउस में एक उच्च स्तरीय प्रशासनिक बैठक आयोजित की गई। बता दें कि यह बैठक मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निर्देश पर बुलाई गई थी। बैठक में तीनों बड़े त्योहारों के लिए अलग-अलग रणनीति पर चर्चा हुई, जिसमें काली पूजा और दीपावली को लेकर पटाखों की बिक्री के लिए निर्धारित जगह, आग से सुरक्षा के लिए दमकल की तैनाती, लाउडस्पीकर के नियम और ट्रैफिक व्यवस्था पर चर्चा। दूसरा छठ पूजा सबसे संवेदनशील मुद्दा रहा, जिसमें घाटों पर सुरक्षा, रोशनी, बैरिकेडिंग, गोताखोर, मेडिकल टीम और चेंजिंग रूम-शौचालय जैसी सुविधाओं को सुनिश्चित करने का निर्देश। साथ ही बैठक में कहा गया कि मुख्यमंत्री ने खुद हर घाट की रिपोर्ट मांगी है। बैठक में स्पष्ट निर्देश दिया गया कि आम जनता की सुरक्षा में कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए। कानून-व्यवस्था बनाए रखना, शांतिपूर्ण विसर्जन और पूजा सुनिश्चित करना और किसी भी अप्रिय घटना को रोकना प्रशासन की प्राथमिकता है। वहीं मौके पर परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह ने लोगों से भी अपील की है कि त्योहारों के दौरान अफवाहों पर ध्यान न दें और पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें ताकि शांति, सद्भाव और सुरक्षा बनी रहे। इस मौके पर PWD & PHE मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार, शहरी विकास एवं नगर पालिका मामले की मंत्री अग्निमित्रा पॉल, विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी, जितेंद्र तिवारी, डॉक्टर विजन मुखर्जी, अरिजीत रॉय, पार्थ घोष, जिला के सभी विधायक, डीएम एस. पोन्नमबालम, आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्त डॉ. प्रणव कुमार, आसनसोल नगर निगम कमिश्नर दिलीप मिश्रा और पुलिस-प्रशासन के सभी आला अधिकारी उपस्थित थे।