आसनसोल : आसनसोल शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्मार्ट बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुये प्रशासनिक बैठक की गई। शहर को स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाने के लिए पश्चिम बंगाल सरकार के नगर पालिका मामलों के विभाग तथा महिला एवं बाल विकास और समाज कल्याण विभाग की मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने गुरुवार को आसनसोल सर्किट हाउस में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की। महत्वपूर्ण घोषणा के माध्यम से एड माई बिन परियोजना का शुभारंभ किया गया। इस परियोजना के तहत शहर के प्रमुख और व्यस्त इलाकों में डस्टबिन लगाए जाएंगे, ताकि लोग कचरा इधर-उधर फेंकने के बजाय निर्धारित स्थानों पर डालें। स्कूल, कॉलेज, बाजार, बस स्टैंड और भीड़भाड़ वाले अन्य स्थानों को प्राथमिकता दी जाएगी। इस मौके पर डीएम एस पोन्नमबलम, आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्ननरेट के सीपी डॉ. प्रणव कुमार, आसनसोल नगर निगम के सचिव केके मंडल सहित अन्य लोग मौजूद थे।
बैठक में की गई महत्वपूर्ण घोषणा
मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने बताया कि राज्य सरकार ने हाल ही में “स्वच्छ ऐप” की शुरुआत की है। इस ऐप के माध्यम से यदि किसी स्थान पर सड़क पर कचरा पड़ा दिखाई देता है, तो नागरिक खुद उसकी तस्वीर अपलोड कर सकते हैं। शिकायत मिलने के बाद नगर निगम के कर्मचारी वहां पहुंचकर कचरा साफ करेंगे और सफाई के बाद की तस्वीर अपलोड भी करेंगे, इसके बाद शिकायत का निपटारा माना जाएगा। मंत्री ने अवैध पार्किंग के खिलाफ भी सख्त रुख अपनाते हुये कहा कि आसनसोल नगर निगम क्षेत्र में कई स्थानों से अवैध पार्किंग हटाई जा चुकी है। वैध पार्किंग स्थलों को सफेद रंग से चिह्नित किया जाएगा। अगले तीन महीनों के बाद निर्धारित स्थानों के अलावा कहीं भी वाहन खड़ा करने पर जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही कहा कि पार्किंग वाली जगह पर सभी वाहनों का कितना किराया लग रहा है, उसका फेयर चार्ज प्लेट लगा होगा एवं वहां पर तैनात कर्मी पूरी फूल यूनीफॉर्म में होंगे। उन्होंने आगे कहा कि घाघरबुड़ी और कल्याणेश्वरी मंदिर को पर्यटनस्थल बनाया जाएगा। साथ ही कहा कि बड़े-बड़े मंदिर जैसे बारी मैदान, घाघरबुड़ी मंदिर, कल्याणेश्वरी मंदिर सहित अन्य मंदिरों में जो फूल चढ़ाये जाते हैं, उन्हें रिसायकल कर उनसे अगरबत्ती बनाई जाएगी, जिसमें 15 महिलाओं को काम पर लगाया जाएगा।