बर्नपुर : आगामी दुर्गा पूजा एवं महावीर अखाड़ा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए हीरापुर थाना ने भारती भवन में हीरापुर सर्किल की 94 पूजा कमेटियों को लेकर एक समन्वय बैठक की। इस बैठक में दूर्गा पूजा की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था एवं कई अहम मुद्दों पर विशेष गाइड लाइन दी गई। मौके पर हीरापुर थाना के ओसी तन्मय रॉय ने कहा कि इस बैठक का मुख्य उद्देश्य सभी पूजा कमेटियों, नगर निगम एवं विभिन्न विभाग के सहयोग से दुर्गा पूजा को शांति और उत्साह के माहौल में संपन्न कराना है। मौके पर डीसी वेस्ट संदीप कर्रा ने सभी पूजा कमेटियों को निर्देश दिया कि पंडाल में सीसीटीवी लगाना जरूरी है। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि किसी ने अदालत के आदेशों और प्रशासनिक पाबंदियों की अनदेखी की तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं एसीपी इप्शिता दत्ता ने कहा कि हीरापुर सर्किल में पूजा कमेटियों की जो भी समस्याएं हैं, उन्हें चिन्हित कर उसका समाधान पूजा के पूर्व ही किया जायेगा। एसीपी ट्रैफिक-1 सौरभ चौधरी ने बताया कि ट्रैफिक नियमों का सही तरीके से पालन करें। सुरक्षा के लिए पुलिस के अधिकारी और जवान भी सड़कों पर तैनात रहेंगे। वहीं आसनसोल फायर ब्रिगेड के ओसी देवयान पोद्दार ने सभी पूजा कमेटियों से आग्रह किया कि माता दुर्गा की प्रतिमा से दीपक को दूर रखें एवं पूजा पंडाल ऐसा बनाएं कि किसी तरह की दुर्घटना होने पर दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंच सके। मौके पर पुलिस ने एक हेल्पलाइन नं. 0341-2304506 भी जारी किया।
बैठक में रही इनकी उपस्थिति
बैठक में सीआई अशोक सिन्हा महापात्रा, टीआई राणा अंबिका दत्ता, हीरापुर ट्रैफिक ओसी प्रंशात कुमार माजी, सेल आईएसपी के जीएम (ईस्टेट) प्रोदीप्त बनर्जी, हीरापुर थाना के एसआई अंजन मंडल, शुभाशीष बनर्जी, आसनसोल नगर निगम के बोरो चेयरमैन शिवानंद बाउरी,रवि लाल टुडू, पार्षद गुरमित सिंह, राकेश शर्मा, सोना गुप्ता, कंचन मुखर्जी, बबीता दास सहित विभिन्न वार्ड के पार्षद, विद्युत व दमकल विभाग के अधिकारी, जीआरपी एवं दुर्गा पूजा कमेटी के प्रतिनिधि उपस्थित थे।