आसनसोल/ बर्नपुर : आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के ट्रैफिक विभाग ने ट्रैक्टर एसोसिएशन के साथ कई महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर एक जरूरी बैठक की। गौरतलब है कि ट्रैफिक विभाग और ट्रैक्टर एसोसिएशन की महत्वपूर्ण बैठक में सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के अनुपालन और अवैध परिचालन को रोकने पर मुख्य रूप से चर्चा की गई। इस दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली में क्षमता से अधिक भार नहीं लादने, स्पीड 30 किमी प्रति घंटा से ज्यादा नहीं और बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के गाड़ी नहीं चलाने जैसे प्रमुख मुद्दों पर सख्त निर्देश दिए गए हैं। मौके पर एडीपीसी के डीसी ट्रैफिक पीवीजी सतीश ने मौजूद ट्रैक्टर के मालिक और ड्राइवर को निर्देश दिया कि 30 अप्रेल तक अपना वाहन के सभी कागजात ठीक करवा लें नहीं तो 1 मई से कार्रवाई कर कागज सही नहीं होने पर फाइन लगाया जायेगा। आगे ट्रैक्टर एसोसिएशन के सदस्य से सख्त रूप अपनाते हुये कहा कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में बालू या ईंट क्षमता से अधिक भार लदे होने के कारण कोई दुर्घटना होती है और इस दुर्घटना में किसी की मौत हो जाती है तो इसका पूरा जिम्मेवार मलिक और ड्राइवर होंगे, और इस घटना में 10 साल की जेल होगी। साथ ही अगर नाबालिग बच्चों से ट्रैक्टर चलवाया जाता है। वहीं ट्रैक्टर चलाते हुये पकड़े गये तो परिवार वालों और ट्रैक्टर मालिकों पर सख्त कार्रवाई होगी। वहीं ट्रैक्टर एसोसिएशन के सदस्य चिरणजीत मंडल ने अपनी बात रखते हुये कहा कि अक्सर ऐसा देखा जाता है कि जा रहे ट्रैक्टर को रोक कर परेशान किया जाता है, कागजात रहने पर भी रोका जाता है, ये सब न किया जाये। वहीं एसीपी ट्रैफिक आसनसोल विश्वजीत साह ने कहा कि पुलिस का जो काम है, वह अपना काम करती है। वे लोग अपने वाहन के कागजात सही रखें, साथ ही दिन के समय अगर वाहन चलाते हैं तो स्पीड पर ध्यान दें और कोशिश करें कि वाहन को शाम 10 बजे के बाद चलायें। इस मौके पर टीआई राणा अंबिका दत्ता, आरपी खान, हीरापुर टीजी ओसी अमीनुर रहमान खान, आसनसोल साउथ पीपी टीजी ओसी संदीप सोम, आसनसोल साउथ टीजी ओसी चिरणजीव गुहा रॉय, आसनसोल नॉर्थ टीजी ओसी संजय भगत सहित ट्रैक्टर एसोसिएशन के तमाम सदस्य मौजूद थे।