पुलिस एनकाउंटर के बाद रतन शेख को अस्पताल ले जाती पुलिस  
आसनसोल

पुलिस कांस्टेबल पर गोली चलाने वाले अपराधी की एनकाउंटर में हुई मौत

पुलिस के सामने सरेंडर करने के बजाय पुलिस पर चलाया था गोली /आत्मरक्षा में पुलिस ने किया इनकाउंटर

Gopal Kumar Singh

राजेश, सन्मार्ग संवाददाता

बीरभूम : पुलिस पर गोली चलाकर भागने के महज दो दिन बाद ही पुलिस की गोली से कुख्यात बदमाश रतन शेख मारा गया। रविवार को बर्दवान में छिपे रतन को गिरफ्तार करने गई पुलिस के साथ उसकी फिर से मुठभेड़ हो गई। पुलिस का दावा है कि इस बार भी वह पुलिस पर हमला कर भागने की कोशिश कर रहा था, जिसके बाद आत्मरक्षार्थ पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इस घटना से पूरे राज्य में सनसनी फैल गई है। राजनीतिक सत्ता परिवर्तन के बाद राज्य में यह पांचवीं मुठभेड़ की घटना बताई जा रही है।

क्या है पूरा मामला

गत शुक्रवार (13 नवंबर) की शाम बीरभूम के शांतिनिकेतन थाने की पुलिस बोलपुर लायेक बाजार बस स्टैंड के पास एक अपराधी को पकड़ने गई थी। बोलपुर-नानूर मुख्य सड़क के किनारे एक बंद नर्सिंग होम के सामने रतन पुलिस के आमने-सामने आ गया। आरोप है कि उसने शांतिनिकेतन थाने के कांस्टेबल विश्वजीत दास को गोली मार दी और फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल कांस्टेबल को पहले बोलपुर महकमा अस्पताल और बाद में वर्धमान मेडिकल कॉलेज के सीसीयू (CCU) में भर्ती कराया गया। घटना के बाद पुलिस ने पूरे राज्य में सघन तलाशी अभियान शुरू किया। जांच में सामने आया कि बीरभूम के नानूर निवासी रतन शेख पर 30 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे। कुछ महीने पहले गिरफ्तार होने के बाद वह पूजा के दौरान जमानत पर छूटा था और पुलिस की आंखों में धूल झोंककर बर्दवान में छिपा हुआ था। रविवार को गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने बर्दवान में उसके ठिकाने पर छापा मारा। पुलिस के अनुसार, चारों तरफ से घिरने के बावजूद उसने आत्मसमर्पण नहीं किया और पुलिस पर गोली चलाने की कोशिश की। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी गोली चलाई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मुख्यमंत्री ने कहा

इस घटना के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि यदि कोई पुलिस पर गोली चलाएगा, तो क्या पुलिस उसे प्रसाद खिलाएगी? राज्य में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि रतन के खिलाफ कई मामले होने के बावजूद उसे जमानत कैसे मिली, इसकी जांच सरकारी वकील की भूमिका को ध्यान में रखकर की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कानून विभाग उनके पास है और पुलिस का खून बेकार नहीं जाने दिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि नई सरकार के गठन के बाद से ही प्रशासन ने अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। इससे पहले जुलाई में बारुईपुर में एक नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या की घटना के साथ राज्य में मुठभेड़ों की शुरुआत हुई थी, जिसके बाद गायघाटा और रायगंज में भी ऐसी घटनाएं सामने आईं। बोलपुर की इस ताजा घटना के साथ राज्य में कुल मुठभेड़ों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है।

SCROLL FOR NEXT