गिरफ्तार अभियुक्त को अदालत ले जाती पुलिस  
आसनसोल

चोरी के 24 घंटे के भीतर बिहार से गाड़ी सहित अभियुक्त गिरफ्तार

टाटा सुमो कोकोवेन थाना क्षेत्र से हुई थी चोरी

Gopal Kumar Singh

इम्तियाज, सन्मार्ग संवाददाता

दुर्गापुर : दुर्गापुर पुलिस वाहन चोरी गिरोह के वांटेड अभियुक्त को बिहार से गिरफ्तार करने में सफल हुई है। अभियुक्त को अनुमंडल अदालत में पेश किया गया। अदालत ने मामले की सुनवाई के बाद पुलिस की अर्जी पर अभियुक्त को रिमांड पर भेजने का आदेश दिया। इस दौरान पुलिस अभियुक्त से पूछताछ कर रही है। अभियुक्त के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। दुर्गापुर पुलिस ने बिहार के औरंगाबाद में छापेमारी कर अभियुक्त को गिरफ्तार किया।

बिहार में छिपा था अभियुक्त

गाड़ी चोरी कर बिहार भागने के बावजूद अभियुक्त पुलिस की गिरफ्त से बच नहीं पाया। शिकायत मिलने के महज 24 घंटे के भीतर कोकोवेन थाना की पुलिस ने बिहार के औरंगाबाद से चोरी हुई चारपहिया गाड़ी बरामद कर ली। इस मामले में उत्तर 24 परगना के निवासी मनोज चक्रवर्ती को गिरफ्तार किया गया है। वहीं पुलिस ने अभियुक्त के पास से चोरी हुई गाड़ी बरामद कर ली है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से गाड़ी मालिक के परिवार ने राहत की सांस ली है। इस संदर्भ में पुलिस ने बताया कि बीते 19 नवंबर को कोकोवेन थाना क्षेत्र के रातुरिया हाउसिंग कॉलोनी निवासी रमेश कुमार सिंह ने गाड़ी चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी।

कैसे हुई थी चोरी

शिकायत में उन्होंने बताया कि एक दिन पहले दुर्गापुर बस स्टैंड के पास कल्पना पेट्रोल पंप के सामने अपनी टाटा सूमो गाड़ी पार्क कर खाना खाने के लिए घर गया था। वहीं खाना खाकर लौटने पर देखा कि निर्धारित स्थान से गाड़ी गायब है। आसपास काफी देर तक तलाश करने के बावजूद गाड़ी का कोई सुराग नहीं मिलने पर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत मिलते ही कोकोवेन थाना पुलिस ने तेजी से जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी अंजन मंडल के निर्देश पर एएसआई संजय कुमार घोष के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई। वहीं जांच के दौरान पुलिस को सूत्रों से महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इसी सूचना के आधार पर पुलिस की विशेष टीम ने बिहार के औरंगाबाद में अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान शिकायत मिलने के महज 24 घंटे के भीतर चोरी हुई टाटा सूमो बरामद कर ली गई। अभियुक्त मनोज चक्रवर्ती को गिरफ्तार किया गया। इस चोरी की घटना में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसके पीछे किसी बड़े वाहन चोरी गिरोह का हाथ है, इस दौरान पुलिस बारीकी से मामले की जांच कर रही है।

SCROLL FOR NEXT