प्रदर्शन करते आसनसोल बार एसोसिएशन के पदाधिकारी  
आसनसोल

वकील के खिलाफ शिकायत लेना पुलिस को पड़ रहा है महंगा

आज भी किसी पुलिस को कोर्ट में प्रवेश नहीं करने दिया गया

आसनसोल : बीते 17 जुलाई को आसनसोल जिला अदालत परिसर में एक व्यक्ति समेत कुछ अज्ञात महिलाओं ने आसनसोल जिला कोर्ट के कुछ वकीलों से दुर्व्यवहार कर उन पर हमला कर दिया था। वहीं उक्त मामले को लेकर आसनसोल दक्षिण थाना में वकीलों पर हमला करने वाले लोगों के खिलाफ एक लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी जिसके तुरंत बाद यह भी सुनने को आया था कि उक्त मामले में शामिल कुछ वकीलों पर भी एक अन्य झूठा मामला दर्ज कर लिया गया है। हालांकि पुलिस ने बिना किसी जांच तथा बिना बार एसोसिएशन के अध्यक्ष व सचिव को जानकारी दिए ही मामला दर्ज कर लिया था। बता दें कि वकीलों के खिलाफ जो मामला हुआ है, वह सरासर गलत निकला, कारण जिसने शिकायतकर्ता बनकर थाने में अपनी शिकायत दर्ज कराई है, वह उस दिन कोर्ट में मौजूद ही नहीं थी। उसने अपने शिकायत में कहा है कि वह उस दिन कोर्ट में अपने लोगों के साथ मौजूद थी। इसके साथ ही उक्त मामले पर ऐसे भी वकील को दोषी ठहराया गया है, जो उस दिन कोर्ट में उपस्थित ही नहीं थे। इन्हीं सब बातों को ध्यान में रखते हुए आसनसोल जिला बार एसोसिएशन की तरफ से यह सख्त कदम उठाया गया है कि कोर्ट परिसर में शहर के किसी भी थाना पुलिस के वाहन को कोर्ट में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। उक्त मामले को लेकर बीते शनिवार से ही वकीलों का आंदोलन जारी है। वहीं उक्त घटना की खबर पाकर शहर के कुछ पुलिस अधिकारियों ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले को शांत कराने की भरपूर कोशिश की थी। हालांकि वकीलों ने उनकी एक नहीं सुनी थी। इस दौरान वकीलों ने कहा है कि अब जो भी बात होगी, वह आसनसोल के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अथवा पुलिस कमिश्नर से ही होगी। उनसे ही बात कर मामले पर उचित समाधान निकाला जाएगा। वहीं सोमवार को उक्त मुद्दे को लेकर सभी वकील कोर्ट के किसी भी अदालती काम काज को न कर कोर्ट के मेन गेट के सामने डटे खड़े रहे। हालांकि इस दौरान बार एसोसिएशन की ओर से कोर्ट परिसर में मीटिंग कर यह निर्णय लिया गया कि जब तक इस मामले पर उचित समाधान नहीं निकलेगा, तब तक उनका आंदोलन लगातार जारी रहेगा। हालांकि मंगलवार अर्थात आज भी वकीलों का आंदोलन जारी रहने वाला है।

SCROLL FOR NEXT