संजय, सन्मार्ग संवाददाता
बर्दवान : बर्दवान के देवानदीघी स्थित एक अंग्रेजी माध्यम स्कूल में विश्व हिंदू परिषद के एक कार्यक्रम में शामिल होने राज्य की नगर विकास मंत्री अग्निमित्र पॉल आईं। उस कार्यक्रम को समाप्त करने के बाद, उन्होंने अपनी चिरपरिचित कार्यशैली में अचानक बर्दवान शहर के बीसी रोड का दौरा किया। उनके इस अचानक किए गए दौरे से इलाके में हड़कंप मच गया। इस अवसर पर अग्निमित्रा पॉल ने पुलिस और नगर पालिका को बीसी रोड के फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए 2 दिन की समय सीमा दी। उन्होंने यह संकेत भी दिया कि यदि दो दिनों के भीतर काम नहीं हुआ तो वह उचित कार्रवाई करेंगी। फुटपाथों पर वस्तुतः फेरीवालों (हॉकर्स) का कब्जा हो जाने के कारण, पुलिस और नगर निगम को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि 1/3 हिस्से में फेरीवाले बैठेंगे और बाकी 2/3 फुटपाथ आम लोगों की आवाजाही के लिए खाली छोड़ना होगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जिन लोगों की अपनी दुकान/मकान हैं, लेकिन फिर भी वे फुटपाथ पर कब्जा करके व्यापार कर रहे हैं, उन्हें फुटपाथ छोड़कर अपनी दुकानों के भीतर व्यापार करना होगा। इसके अलावा, उन्होंने शहर की सफाई से लेकर नालियों के खुले ढक्कनों पर बात करते हुए कहा कि नालियों के खुले ढक्कन आज ही बंद किए जाने चाहिए। बीसी रोड के दोनों तरफ बाइक खड़ी करने से रास्ता संकरा होने के कारण उन्होंने पुलिस को नियमानुसार बाइक पार्क कराने का भी निर्देश दिया।