सन्मार्ग संवाददाता
बीरभूम : काली पूजा की रात बोलपुर के नेताजी मार्केट में हुई आगजनी की घटना में किराना और सब्जी की दुकानों सहित कुल छह दुकानें जलकर खाक हो गईं। व्यापारियों के एक वर्ग ने इस आग के पीछे सुनियोजित साजिश (जानबूझकर आग लगाने) की आशंका जताई है। इस संबंध में बोलपुर थाने में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई गई है। व्यापारियों की मांग के बाद आज गुरुवार दोपहर दुर्गापुर-आसनसोल डिवीजन की 6-7 सदस्यीय फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची। उन्होंने आग लगने के स्रोत और इसके फैलने के तरीकों की जांच करने के साथ-साथ घटनास्थल से विभिन्न नमूने भी एकत्र किए।