आसनसोल

चोर के आरोप में युवक की पीट-पीटकर हत्या से दीघा में फैली सनसनी

आरोप है कि प्रेम संबंधों के चलते योजनाबद्ध तरीके से उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी गई

दीघा : एक युवक पर चोर होने का आरोप लगाकर पीट पीटकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया गया जिसके कारण इलाके में तनाव फैल गया है। घटना पूर्व मिदनापुर जिले के दीघा में हुई। मृतक युवक का नाम तापस माइती (29) बताया जाता है। मृतक के परिवार और स्थानीय लोगों ने अभियुक्तों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस उनमें से कुछ को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
      स्थानीय सूत्रों से घटना के बारे में मिली जानकारी के अनुसार सोमवार तड़के दीघा थाना इलाके के पदिमा 1 ग्राम पंचायत ऑफिस के पास सड़क पर युवक की बुरी तरह पिटाई कर दी गई। बाद में स्थानीय लोगों ने उसे बचाया और दीघा स्टेट जनरल हॉस्पिटल में भर्ती कराया। जब उसकी हालत बिगड़ी तो उसे वहां से कांथी सब-डिवीजन हॉस्पिटल ले जाया गया। जहां पर दोपहर बाद उस युवक की मौत हो गई। खबर मिलने पर मृतक के पिता तपन माइती और उनके परिवार वाले हॉस्पिटल आए और शव की पहचान की। मृतक तापस माइती का घर दीघा मोहना कोस्टल थाने के खदालगोबरा इलाके में है। आरोप है कि प्रेम संबंधों के चलते योजनाबद्ध तरीके से उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। हालांकि, दीघा थाने के पुलिस अधिकारी अमित प्रमाणिक ने बताया कि इस संबंध में सोमवार की शाम तक कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। हालांकि, पुलिस ने अपनी पहल पर घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार मौके से मृतक की बाइक बरामद की गई है, वहीं पुलिस कुछ संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक कथित रूप से तापस का दीघा थाना इलाके के एक गांव की एक शादीशुदा महिला के साथ प्रेम संबंध था। वह उस इलाके में अक्सर आता-जाता था। महिला के घरवाले उसे रंगे हाथों पकड़ने की फिराक में थे। रविवार रात को जब उन्होंने उसे देखा, तो वे चोर, चोर चिल्लाए और फिर उसे पकड़कर पीटना शुरू कर दिया।

SCROLL FOR NEXT