गिरफ्तार अभियुक्त को अदालत ले जाती पुलिस  
आसनसोल

प्रेम संबंध के विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या, दो गिरफ्तार

Gopal Kumar Singh

जितेन्द्र, सन्मार्ग संवाददाता

सालानपुर : सलानपुर थाना अंतर्गत रूपनारायणपुर पुलिस फांड़ी क्षेत्र के हिंदुस्तान केबल्स ओल्ड कॉलोनी में कथित प्रेम संबंध को लेकर हुए विवाद में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान अशोक कुमार सिंह उर्फ विक्की के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामले में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अशोक कुमार सिंह उर्फ विक्की का परिवार दिल्ली में रहता है। उनकी पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं। हालांकि, विक्की का हिंदुस्तान केबल्स इलाके में आना-जाना था और वह यहां एक क्वार्टर में रहता था। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक विक्की पड़ोस में रहने वाले मंटू यादव के घर पहुंचे थे। आरोप है कि मंटू यादव की पत्नी के साथ विक्की के कथित प्रेम संबंध थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि विक्की के मंटू यादव के घर पहुंचने की जानकारी मिलने पर मंटू काम से अचानक वापस लौट आया, इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि मंटू यादव समेत कई लोगों ने विक्की को पकड़कर उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी। मारपीट में विक्की गंभीर रूप से घायल हो गया।

बांधकर हत्या करने का आरोप

मृतक की बुआ ने घटना को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि प्रेम संबंध को लेकर हुए विवाद के कारण विक्की को कथित तौर पर योजनाबद्ध तरीके से घर बुलाया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि विक्की को बांधकर बेरहमी से पीटा गया, जिससे उनकी मौत हो गई। हालांकि, घटना के संबंध में लगाए गए इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वारदात किन परिस्थितियों में हुई और इसमें किन लोगों की क्या भूमिका थी।

अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में मौत

मारपीट के बाद विक्की की हालत गंभीर हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल पिठाकेयारी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें आसनसोल जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार और परिचितों में शोक का माहौल बन गया।

दो अभियुक्त गिरफ्तार, महिला से पूछताछ

घटना की सूचना मिलने के बाद रूपनारायणपुर पुलिस फांड़ी की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सुरेंद्र यादव और दीपक यादव को गिरफ्तार किया है। वहीं, मंटू यादव की पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

SCROLL FOR NEXT