बर्नपुर : 2026 उच्च माध्यमिक की परीक्षा गुरुवार से शुरू हो चुकी है, जो 27 फरवरी तक चलेगी। वहीं बर्नपुर सुभाषपल्ली स्कूल में उच्च माध्यमिक के परीक्षा केंद्र पर सुबह 9 बजे से परीक्षार्थियों की लाइन लगी हुई थी। इस दौरान भाजपा और तृणमूल के नेताओं एवं समर्थकों द्वारा परीक्षार्थियों को गुलाब, पेन और ओआरएस एवं पानी देकर शुभकामनाएं दी जा रही थी। इसी दौरान उच्च माध्यमिक परीक्षा को केंद्र कर तृणमूल और भाजपा में जुबानी जंग छिड़ गई और एक दूसरे पर आरोप- प्रत्यारोप लगाया जाने लगा।
भाजपा विधायक सिर्फ दिखावा करती हैं
आईएनटीटीयूसी ब्लॉक अध्यक्ष उत्पल सेन ने कहा कि आसनसोल दक्षिण की विधायक अग्निमित्रा पॉल 4-5 वर्ष में कहीं न दिखीं और अब सामने विधानसभा चुनाव है तो स्कूल के सामने आकर बच्चों को गुलाब और पेन बांट रही हैं। आसनसोल दक्षिण की जनता उनसे खुश नहीं है कारण उन्होंने दक्षिण में कोई भी विकास का कार्य नहीं किया है, इसलिए वे कहीं भी जाती हैं तो उन्हें गो बैक का नारा दिया जाता है। इस मौके पर सैकत दे, असलम खान, समीर खान उर्फ बांके, सोनू खान सहित तृणमूल कार्यकर्ता मौजूद थे।
विधायक ने तृणमूल पर किया पलटवार
आसनसोल दक्षिण की विधायक अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि तृणमूल का काम है सिर्फ हल्ला करना और भाजपा काम पर विश्वास करती है। आसनसोल दक्षिण की जनता सब जानती है कि क्या काम हुआ है और क्या होगा, इसलिए वे अपने काम पर विश्वास रखती हैं। साथ ही कहा कि कोई भी प्रशासनिक कार्यक्रम होता है, उसमें भाजपा को साइड कर दिया जाता है, ये तृणमूल के सरकार में ही हो सकता है। रही कार्य की बात तो जनता जान रही है कि क्या-क्या कार्य हुआ है।