आसनसोल : आसनसोल नगर निगम में आमादेर पाड़ा आमादेर समाधान (एपीएएस) और पथश्री को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक की गई। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल राज्य सरकार की दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर चर्चा हुई और कैसे इन परियोजनाओं को पूरा किया जाए, इस पर विचार-विमर्श किया गया। मौके पर मेयर बिधान उपाध्याय ने कहा कि राज्य सरकार की आमादेर पाड़ा आमादेर समाधान को लेकर आज की बैठक में चर्चा की गई और बताया कि 1300 काम शुरू हो चुके हैं और 2300 कामों के लिए जल्द ही टेंडर निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि आगामी 2 मार्च से पहले जितने कामों के लिए आवेदन किया गया है, उन सभी कामों को शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं जिला अधिकारी एस पोन्नबलम ने कहा कि आमादेर पाड़ा आमादेर समाधान और अर्बन पथश्री को लेकर आज की बैठक में चर्चा की गई और कैसे इन कामों को जल्द से जल्द पूरा किया जाए, इस पर विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने कहा कि जिन कामों के लिए आवेदन किया गया है, उन्हें जल्द से जल्द पूरा करने की कोशिश की जा रही है और बहुत जल्द नए टेंडर निकालकर काम शुरू करने की व्यवस्था की जायेगी। इस मौके पर आसनसोल नगर निगम की कमिश्नर एकम जे सिंह, उपमेयर अभिजीत घटक, वशीमूल हक, एमएमआईसी गुरदास चटर्जी, दिव्येंदु भगत, बोरो चेयरमैन अनिमेष दास, राजेश तिवारी, शिवानंद बाउरी, रविलाल टुडू, डॉ. देवाशीष सरकार, उत्पल सिन्हा सहित आसनसोल नगर निगम और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद थे।