संजय, सन्मार्ग संवाददाता
बर्दवान : कटवा के कविराज पाड़ा में भीषण आग लगने से एक परिवार की पूरी गृहस्थी जलकर राख हो गई। बुधवार को कटवा नगर पालिका के वार्ड नंबर 12 स्थित कविराज पाड़ा में यह भयानक आग लगी। आग की चपेट में आने से एक रिहायशी घर का फर्नीचर, रोजमर्रा के इस्तेमाल का सामान और किताबों-कॉपियों समेत घर का सारा सामान जलकर खाक हो गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, घर के बिजली के तार में हुए शॉर्ट सर्किट के कारण यह आग लगी। इलाके की संकरी गलियों की वजह से दमकल की गाड़ी को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। आखिरकार स्थानीय निवासियों के सामूहिक प्रयास से आग पर काबू पाया जा सका। स्थानीय लोगों के एक हिस्से का कहना है कि घर के आसपास कई अन्य मकान सटे होने के बावजूद आग दूसरे घरों में नहीं फैली, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। दूसरी ओर, इस अग्निकांड की खबर मिलते ही कटवा के विधायक कृष्ण घोष तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार के सदस्यों से बात की और उन्हें हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। विधायक ने बताया कि आग को आसपास के घरों में फैलने से पहले ही नियंत्रित कर लिया गया।
पीड़ित गृहस्वामी सोमनाथ माझी अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ उस घर में रहते हैं। उनके दो बच्चे नौवीं और पांचवीं कक्षा में पढ़ते हैं, जबकि तीसरा बच्चा अभी छोटा है। आग में घर की सारी जमा-पूंजी गंवाने के बाद परिवार पूरी तरह से बेसहारा हो गया है। सोमनाथ बाबू ने कहा, "अब इसके बाद कहाँ जाएंगे, क्या करेंगे, कुछ समझ नहीं आ रहा है। अब कुछ भी नहीं बचा है।"