पलटे टैंकर के पास तेल बटोरते लोग  
आसनसोल

सोयाबीन तेल से लदा टैंकर पलटने से मची अफरा-तफरी

स्थानीय लोगों में लगी तेल लूटने की होड़

मुर्शिदाबाद : रघुनाथगंज के मथुरापुर इलाके में नेशनल हाईवे नंबर 12 पर सोयाबीन तेल से लदा टैंकर पलटने की घटना से आसपास के इलाके में भारी हंगामा मच गया। हादसे के बाद कुछ ही देर में आसपास के इलाके के कई लोग मौके पर जमा हो गए और टैंकर से गिरे तेल को इकट्ठा करने लगे। कोई बोतल, बाल्टियों में तो कोई बड़े कंटेनरों में तेल भरने में लगा था। इस वजह से हादसे वाली जगह पर अफरा-तफरी मच गई। सूत्रों के मुताबिक, सोयाबीन तेल से लदा टैंकर हल्दिया से नेपाल के लिए निकला था। शनिवार सुबह जब वह रघुनाथगंज थाने के मथुरापुर इलाके में पहुंचा तो ड्राइवर ने कंट्रोल खो दिया। इस वजह से टैंकर सड़क किनारे पलट गया। हालांकि हादसे में टैंकर का अगला हिस्सा डैमेज हो गया, लेकिन बताया जा रहा है कि ड्राइवर और खलासी बाल-बाल बच गए। सूचना मिलने पर रघुनाथगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया। इसके साथ ही नेशनल हाईवे पर ट्रैफिक को नॉर्मल रखने के लिए बचाव कार्य शुरू किया गया। बाद में क्रेन की मदद से पलटे हुए टैंकर को हटाया गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हादसे के सही कारण की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर माना जा रहा है कि हादसा हाई स्पीड या कंट्रोल खोने की वजह से हुआ है।

SCROLL FOR NEXT