आसनसोल

सड़क दुर्घटना में BSMCH का प्रोफेसर गंभीर रूप से घायल

बांकुड़ा : बांकुड़ा सम्मिलनी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (BSMCH) के वरिष्ठ चिकित्सक और प्रोफेसर डॉ. रातुल पाल शनिवार दोपहर सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा कोतुलपुर के गोगरा मोड़ के पास विष्णुपुर-आरामबाग राज्य मार्ग पर हुआ। जानकारी के अनुसार, वे शनिवार दोपहर अपनी कार खुद चलाकर विष्णुपुर-आरामबाग राज्य मार्ग से कोलकाता की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गोगरा मोड़ के पास सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से उनकी कार की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना मिलते ही कोतुलपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल चिकित्सक को कार से बाहर निकाला और उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।

डॉक्टर ने खुद को बताया जिम्मेदार

आमतौर पर सड़क हादसों में दूसरे पक्ष को जिम्मेदार ठहराया जाता है लेकिन डॉ. रातुल पाल ने अपनी ईमानदारी का परिचय देते हुए दुर्घटना के लिए खुद को दोषी बताया है। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के दौरान उन्होंने कहा कि यह दुर्घटना उनकी अपनी गलती की वजह से हुई है। गाड़ी चलाते समय उनकी आंख लग गई थी (झपकी आ गई थी), जिसके कारण कार अनियंत्रित होकर ट्रक से जा टकराई। इसमें ट्रक ड्राइवर का कोई दोष नहीं है। वहीं हादसे के बाद विष्णुपुर-आरामबाग राज्य मार्ग पर कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही बाधित हुई। हालांकि पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटाकर यातायात को जल्द ही सामान्य कर दिया।

SCROLL FOR NEXT