सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल: बनवारीलाल भालोटिया कॉलेज, आसनसोल में आज 'खेलो इंडिया डायलॉग' के तहत 'खेल की बात PM MODI के साथ' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आसनसोल दक्षिण की विधायक और मंत्री अग्निमित्रा पॉल उपस्थित रहीं। गौरतलब है कि इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के युवाओं और खिलाड़ियों के साथ वर्चुअल माध्यम से संवाद किया। कॉलेज के सभागार में बड़ी स्क्रीन पर पीएम मोदी के संवाद को सुना गया और बताया गया कि सरकार द्वारा देश के युवाओं, एथलीटों और खेल प्रेमियों को सीधे देश के खेल भविष्य और राष्ट्र निर्माण की चर्चा से जोड़ने का यह एक राष्ट्रव्यापी संवाद मंच है। इस विशेष कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भारत की खेल यात्रा को मजबूत करना, युवाओं की आकांक्षाओं को जानना और एक 'विकसित भारत' के निर्माण में उनके विचारों को शामिल करना है। वहीं बीबी कॉलेज गवर्निंग बॉडी की अध्यक्ष अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि पीएम मोदी जी का सपना है कि भारत खेल के क्षेत्र में विश्वगुरु बने और 'खेलो इंडिया' इसी दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को खेल के साथ-साथ पढ़ाई में भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही युवाओं में नागरिक जिम्मेदारी की भावना, भविष्य के लिए आवश्यक कौशल और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण विकसित करना। आगे कहा कि युवाओं को खेलों और सामाजिक नेटवर्क से जोड़कर मादक पदार्थों के दुरुपयोग के खिलाफ एक मजबूत अभियान चलाना है जिससे देश को अधिक फिट, अनुशासित और खेल-समर्पित राष्ट्र बनाने के साथ-साथ युवाओं के लिए स्पोर्ट्स टेक्नोलॉजी, स्पोर्ट्स मेडिसिन, स्पोर्ट्स एनालिटिक्स और इक्विपमेंट डिजाइन जैसे क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर भी लाना है। इस मौके पर बीबी कॉलेज के प्रिंसिपल अमिताभ बासु, जामुरिया विधायक डॉक्टर विजन मुखर्जी, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थे।