एसपी, सन्मार्ग संवाददाता
कुल्टी : कुल्टी थाना क्षेत्र के नियामतपुर स्थित एंथोनी स्कूल मोड़ पर शुक्रवार सुबह शॉर्ट सर्किट के कारण एक विशाल पीपल के पेड़ में अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना शुक्रवार सुबह लगभग 11 बजे की है। स्थानीय लोगों के अनुसार, बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट होने से पेड़ ने आग पकड़ ली और देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं। पेड़ के ठीक नीचे एक दुकान होने के कारण आग के फैलने की आशंका से इलाके में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही नियामतपुर पुलिस फांड़ी की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। साथ ही बिजली विभाग और आसनसोल दमकल विभाग को सूचित किया गया। सूचना पाकर बिजली विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और तुरंत पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति बंद कर दी, ताकि आग और न फैले। इसके बाद दमकल की टीम आसनसोल से मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया। गनीमत रही कि नियामतपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई के कारण आग दुकान तक नहीं पहुंच पाई और एक बड़ा हादसा टल गया। दुकान बाल-बाल बच गई।इस घटना के कारण कुछ देर के लिए एंथोनी स्कूल मोड़ इलाके में अफरा-तफरी और आतंक का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने पुलिस और दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।