आसनसोल : रामनवमी के उपलक्ष्य पर रविवार शाम आसनसोल शहर में विशाल जुलूस निकाला गया। शहर के अलग-अलग इलाकों से करीब 40 कमेटियों ने जुलूस निकाले और जीटी रोड पहुंचे। गौरतलब है कि जीटी रोड पर निकली इस शोभायात्रा में शहर के अखाड़ों ने हिस्सा लिया, जहां प्रतिभागियों ने हैरतअंगेज करतब दिखाकर लोगों का मन मोह लिया। शोभायात्रा में विभिन्न प्रकार की आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गयीं। कई श्रद्धालु भगवान श्रीराम, हनुमान और अन्य देवी-देवताओं के वेश में नजर आये, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। साथ ही जय श्रीराम के जयघोष से पूरा इलाका गूंज उठा और माहौल पूरी तरह से राममय हो गया। इस अवसर पर आसनसोल बाजार कमेटी, महावीर स्थान सेवा समिति, श्रीश्री गणेश पूजा कमेटी एवं विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों द्वारा जगह-जगह सेवा शिविर लगाए गए थे, जहां शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के लिए पानी, प्रसाद और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की गई थी। इस भव्य आयोजन में तृणमूल प्रत्याशी मलय घटक, भाजपा प्रत्याशी कृष्णेंदु मुखर्जी, आसनसोल नगर निगम के चेयरमैन अमरनाथ चटर्जी, एमएमआईसी गुरदास चटर्जी, बोरो चेयरमैन राजेश तिवारी, आसनसोल बाजार कमेटी के सचिव पिंटू गुप्ता, संजय तिवारी, पवन गुटगुटिया, महावीर स्थान सेवा समिति के अरुण शर्मा, विजय शर्मा, सियाराम अग्रवाल, एसीपी सेंट्रल एमडी गफ्फार, साउथ थाना के आईसी विश्वजीत हलदार आदि उपस्थित थे तथा काफी संख्या में सेंट्रल फोर्स के जवान भी तैनात थे।