पहचान पत्र दिखाते स्थानीय लोग  
आसनसोल

तृणमूल कार्यालय के बाहर बोरे में बंद मिले भारी मात्रा में हस्तशिल्प पहचान पत्र

पांडवेश्वर : पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक के कार्यालय के सामने से भारी मात्रा में केंद्रीय कपड़ा मंत्रालय के हस्तशिल्प पहचान पत्र बरामद किए गए हैं। यह घटना दुर्गापुर - फरीदपुर ब्लॉक के गोगला पंचायत अंतर्गत पानशिउली मोड़ के पास स्थित पूर्व विधायक कार्यालय के ठीक बाहर की है। इतनी बड़ी संख्या में सरकारी पहचान पत्र पार्टी कार्यालय के सामने कैसे पहुंचे, इसे लेकर रहस्य गहरा गया है और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

ग्रामीणों को सता रहा है बैंक लोन का डर

स्थानीय निवासियों का दावा है कि बरामद किए गए कार्डों में से कई कार्ड इसी इलाके के रहने वाले लोगों के नाम पर हैं। प्रभावित ग्रामीणों ने कहा, 'उन्हें इस बात की भनक तक नहीं थी कि उनके नाम पर ऐसे कोई सरकारी कार्ड कभी बने भी थे। हमें डर है कि कहीं इन सरकारी कार्डों का दुरुपयोग करके हमारे नाम पर बैंकों से लोन तो नहीं ले लिया गया ? अगर ऐसा है, तो उसका भुगतान हमें करना पड़ेगा। हम सब इस समय गहरी चिंता और अनिश्चितता के माहौल में जी रहे हैं।" जब पीड़ित ग्रामीणों ने इस संबंध में वर्तमान पंचायत प्रधान से संपर्क किया, तो उन्होंने पल्ला झाड़ते हुए कहा कि साल 2013 (जब ये कार्ड बने बताए जा रहे हैं) में वह प्रधान पद पर नहीं थे, इसलिए उन्हें इस विषय में कोई जानकारी नहीं है। इस टालमटोल वाले रवैये से नाराज स्थानीय लोगों ने अब इस मामले की शिकायत सीधे BDO कार्यालय में दर्ज कराने का फैसला किया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उनके नाम पर यह फर्जीवाड़ा कैसे और क्यों किया गया। आम जनता ने इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

उठ रहे हैं कई सवाल, भाजपा ने साधा निशाना

इस घटना के बाद से इलाके में कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। ये कार्ड असली हैं या फर्जी ? ग्रामीणों की जानकारी के बिना ये किसके इशारे पर बनाए गए ? तृणमूल कार्यालय के सामने कहां से आया ? लोगों में ये सवाल कौतुहल का विषय बना हुआ है। इस पूरे मामले पर फिलहाल तृणमूल कांग्रेस के नेतृत्व की ओर से कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया या आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। घटना पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए स्थानीय भाजपा नेता वंदन दास ने कहा, "आम जनता को अंधेरे में रखकर उनके नाम पर इस तरह के कार्ड बनाना साफ तौर पर यह साबित करता है कि तृणमूल सरकार ने कैसे आम लोगों के साथ धोखाधड़ी कर सरकारी पैसों की लूट मचा रखी थी। कुछ लोग कार्यालय की सफाई कर रहे थे, उसी दौरान बोरे में बंद ये कार्ड बरामद हुए। इसकी उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए।"

SCROLL FOR NEXT