बर्दवान : गुरुवार देर रात पुलिस पेट्रोलिंग वैन को एक बस द्वारा टक्कर मारे जाने से एक होमगार्ड की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक का नाम त्रिदेब दे (35) है। यह घटना बर्दवान के नवाबहाट इलाके में हुई। इस हादसे में दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं। जानकारी के अनुसार, यह घटना शुक्रवार तड़के बर्दवान के नवाबहाट क्षेत्र में घटी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि नाइट पेट्रोलिंग के लिए एक पुलिस वैन 19 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-19) पर कोलकाता जाने वाली लेन में खड़ी थी। उसी समय दुर्गापुर की ओर से आ रही एक अनियंत्रित यात्री बस ने पुलिस वैन को पीछे से टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुलिस वैन में मौजूद एक एएसआई (ASI), एक होमगार्ड और पुलिस वैन का ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत बचाकर बर्दवान मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने होमगार्ड त्रिदेब दे को मृत घोषित कर दिया। अन्य दो लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। प्राथमिक अनुमान है कि बस ड्राइवर को नींद आने के कारण यह दुर्घटना हुई। बर्दवान थाना पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है।