आसनसोल

रानीगंज में कार्तिक पूर्णिमा पर निकली भव्य निशान शोभायात्रा

251 महिलाओं ने हनुमान जी की ध्वजा लेकर की नगर परिक्रमा

Gopal Kumar Singh

विनोद, सन्मार्ग संवाददाता

रानीगंज : कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर रानीगंज के बड़ाबाजार स्थित प्राचीन हनुमान जी मंदिर से भव्य निशान शोभायात्रा निकाली गई। हनुमान चालीसा संघ की ओर से आयोजित इस शोभायात्रा में 251 महिलाओं ने हाथों में हनुमान जी की ध्वजा लेकर पूरे शहर की परिक्रमा की। धार्मिक उत्साह और भक्ति के माहौल में निकली इस यात्रा में महिलाओं के साथ बड़ी संख्या में पुरुष, युवा और बच्चे भी शामिल हुए। शोभायात्रा बड़ाबाजार से शुरू होकर सीआर रोड, दालपट्टी मोड़, शिशुबगान और एनएसबी रोड होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली। यात्रा को व्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए रानीगंज थाना पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। साथ ही यातायात व्यवस्था को भी दुरुस्त रखा गया, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। पूरे मार्ग में हनुमान जी के जयकारों और भक्ति गीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। इस मौके पर हनुमान चालीसा संघ के प्रमुख ओम प्रकाश बाजोरिया ने बताया कि प्रत्येक वर्ष कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मंदिर परिसर में हनुमान महोत्सव का आयोजन किया जाता है। महोत्सव की शुरुआत निशान शोभायात्रा के साथ होती है। इस दिन सुबह से लेकर देर रात तक श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना और हनुमान चालीसा का पाठ करते हैं। भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण भी किया जाता है। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर बड़ाबाजार स्थित हनुमान मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था और हनुमान जी की प्रतिमा को तुलसी की माला पहनाकर विशेष श्रृंगार किया गया।

SCROLL FOR NEXT