जामुड़िया : ईसीएल के कुनुस्तोड़िया क्षेत्र में क्षेत्रीय महाप्रबंधक सुभाष चंद्र मित्रा के नेतृत्व वार्षिक कवि सम्मेलन 'काव्यम्' का भव्य आयोजन किया गया जिसमें ईसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) गुंजन कुमार सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ श्रोताओं में क्षेत्र के अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ-साथ क्षेत्रीय संयुक्त सलाहकार समिति, क्षेत्रीय कल्याण मंडल, क्षेत्रीय संरक्षा समिति, इन्मोसा व सिस्टा के सदस्यों की उपस्थिति रही। गौरतलब है कि आगत सभी अतिथियों का स्वागत कुनुस्तोड़िया क्षेत्रीय महाप्रबंधक सुभाष चंद्र मित्रा ने किया और कहा कि 'काव्यम' शृंखला में आयोजित हो रहे क्षेत्र के इस चौथे कवि सम्मेलन में निदेशक (मानव संसाधन) सहित अन्य अतिथियों के आगमन से यह सम्मेलन सफल हुआ है। इस सम्मेलन में साहित्य के विविध रसों में काव्य की प्रस्तुति की गयी जिसे श्रोताओं ने खूब सराहा। कवियों के रूप में अभिरूप बसु, रूमा तपादार, मुशर्रफ हुसैन व जीतन कुमार वर्मा ने अपनी कविताओं से श्रोताओं को अभिभूत किया। इस मौके पर मुख्य अतिथि निदेशक गुंजन कुमार सिन्हा ने कहा कि कुनुस्तोड़िया क्षेत्र के टैगोर मेमोरियल हॉल के इस मंच पर आयोजित इस तरह के विशुद्ध साहित्यिक आयोजन के लिए वे क्षेत्रीय प्रबंधन को साधुवाद देते हैं। इस सम्मेलन में काव्य मंच का संचालन जीतन कुमार वर्मा ने किया। सम्मेलन के दौरान कवयित्री रूमा तपादार की सातवीं प्रकाशित काव्य-पुस्तक 'कॉर्पोरेट हाउसेर मेये' का विमोचन निदेशक (मानव संसाधन) के कर कमलों से हुआ। सभी के प्रति क्षेत्रीय मानव संसाधन प्रबंधक संदेश वडाड़े ने धन्यवाद ज्ञापित किया।