आसनसोल

बर्नपुर एयरपोर्ट पर बनेगा फ्लाइट ट्रेनिंग स्कूल

आसनसोल के युवाओं को कोलकाता नहीं जाना पड़ेगा /मंत्री - सरकार गंभीरता से कर रही है विचार

Suraj Choudhary

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता

आसनसोल : आसनसोल के बर्नपुर हवाई अड्डे को लेकर राज्य सरकार एक बड़ी योजना पर विचार कर रही है। शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने गुरुवार को कहा कि बर्नपुर एयरपोर्ट पर फ्लाइट ट्रेनिंग स्कूल स्थापित करने की योजना है, जिससे आसनसोल-दुर्गापुर औद्योगिक क्षेत्र के युवाओं को सीधा लाभ मिलेगा। सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान मंत्री ने कहा कि पूरे इस इलाके में फिलहाल कोई फ्लाइट ट्रेनिंग स्कूल नहीं है। एविएशन के क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं को ट्रेनिंग के लिए कोलकाता जाना पड़ता है, जिससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी होती है। उन्होंने कहा कि अगर हम बर्नपुर एयरपोर्ट पर फ्लाइट ट्रेनिंग स्कूल बना पाते हैं तो यह बहुत अच्छा होगा। हमारे बच्चों को ऑल द वे कोलकाता नहीं जाना पड़ेगा। साथ ही यहां एविएशन से जुड़ी इंडस्ट्री भी डेवलप होगी। मंत्री ने बताया कि इस प्रस्ताव को लेकर मुख्यमंत्री स्तर पर चर्चा हो रही है और सरकार इस पर गंभीरता से विचार कर रही है। बर्नपुर एयरपोर्ट पर पहले से ही इंफ्रास्ट्रक्चर मौजूद है, जिसका उपयोग ट्रेनिंग स्कूल के लिए किया जा सकता है। वहीं आसनसोल एवं बर्नपुर के लोगो का कहना है कि फ्लाइट ट्रेनिंग स्कूल शुरू होने से न सिर्फ स्थानीय युवाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण मिलेगा, बल्कि आसनसोल में एविएशन हब बनने की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।

SCROLL FOR NEXT