अभय, सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : बीते 18 सितंबर को सालानपुर थाना अंतर्गत रूपनारायणपुर इलाके के निवासी विश्वनाथ कर्मकार को आसनसोल के हिलव्यू नर्सिंग होम के समीप एक घर पर ले जाकर हथियारों से लैस कुछ अज्ञात बदमाशों ने उनसे 12 लाख 60 हजार रुपये की छिनतई कर ली थी। वहीं उक्त मामले को लेकर आसनसोल दक्षिण थाना पुलिस ने मामले पर अपनी छानबीन की प्रक्रिया जारी रखते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने उक्त मामले पर अपनी जांच की गति बढ़ाते हुए कांड में शामिल 4 और अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उन्हें भी रिमांड पर लिया है। हालांकि उनमें से रिमांड पर ली गयी नाज परवीन नामक अभियुक्त की रिमांड अवधि समाप्त होते ही उसे पुनः शनिवार आसनसोल जिला अदालत के सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने अभियुक्त की जमानत अर्जी रद्दकर उसे अगली सुनवाई होने तक न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक बताया जाता है कि लालबाजार शहर के पुलिस कर्मी होने का दावा करते हुए हथियारों से लैस बदमाशों ने आसनसोल के हिलव्यू नर्सिंग होम के समीप एक घर में घुसकर उक्त लूटकांड की घटना को अंजाम दिया था। फिलहाल पुलिस इस मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।