विजय, सन्मार्ग संवाददाता
खड़गपुर : आदिवासी समाज के महापुरुष भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर पश्चिम मिदनापुर जिला अंतर्गत खड़गपुर के गोपाली में शनिवार से मेले का आयोजन किया गया। गोपाली के इंद्र नारायण हाई स्कूल मैदान में जय जोहार के नाम से आयोजित इस मेले के उद्घाटन समारोह में खड़गपुर ब्लॉक 1 के बीडीओ सोमेन दास, पंचायत समिति की अध्यक्ष आरती मुर्मू, उपाध्यक्ष नव कुमार दास, कर्माध्यक्ष पीकू मांडी, खड़गपुर सदर के पूर्व विधायक प्रदीप सरकार समेत काफी संख्या में लोग शामिल हुए। राज्य सरकार की आदिवासी कल्याण विभाग की अनुप्रेरणा से खड़गपुर 1 नंबर ब्लॉक प्रशासन और पंचायत समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस मेले के उद्घाटन समारोह के अवसर पर गोपाली में एक भव्य शोभायात्रा भी निकाली गयी। गाजे-बाजे के साथ निकाली गई इस शोभायात्रा में महिलाएं समेत आदिवासी समाज के सैकड़ों लोग शामिल हुए। उदघाटन समारोह के दौरान मेला स्थल पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया। जिसमें आदिवासी कलाकारों ने गीत और नृत्य़ प्रस्तुत किया। इस मेले में दर्जनों की संख्या में विभिन्न वस्तुओं की स्टाल लगायी गयी है। इसके अलावा राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार भी इस मेले में किया गया है। प्रथम दिन ही मेसे में काफी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी। 3 दिवसीय इस मेले का समापन सोमवार को किया जाएगा। उद्घाटन समारोह के दौरान वक्तव्य देते हुए सभी वक्ताओं ने बिरसा मुंडा द्वारा आदिवासी समाज के उत्थान के लिए किए गए कार्यों को याद करते हुए उनकी जय़ंती पर मेले का आयोजन किए जाने पर खुशी जतायी और सभी लोगों से इस मेले का आनंद उठाने की अपील भी की।