घटना की जानकारी लेती पुलिस  
आसनसोल

दामोदर नदी में 8 छात्र डूबे, तीन की मौत

पांच की स्थानीय लोगों व नाविकों ने बचाई जान

सांकतोड़िया : सांकतोड़िया फांड़ी क्षेत्र के डिसरगढ़ स्थित दामोदर नदी में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में नियामतपुर के पीस पब्लिक स्कूल के कक्षा नौ एवं दस के तीन छात्रों की डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि स्कूल से दंडस्वरूप बाहर निकाले जाने के बाद छात्र घर लौटने के बजाय डिसरगढ़ स्थित शेरशाह बाबा की दरगाह घूमने चले गए थे। वहीं नदी में नहाने के दौरान यह हादसा हो गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है, जबकि मृत छात्रों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। तीनों मृत छात्रों के नाम मस्जिद पाड़ा, बलतोड़िया निवासी एमडी शैफ उर्फ अयान अख्तर (16) तथा नियामतपुर नूर नगर निवासी एमडी नुरूद्दीन (17) और तबरेज आलम (15) हैं।

अनुपस्थित रहने पर स्कूल से बाहर निकाला गया

जानकारी के अनुसार, शनिवार को स्कूल नहीं आने वाले आठ छात्रों को सोमवार को एक शिक्षक ने दंडस्वरूप स्कूल के मुख्य गेट से बाहर कर दिया। बताया जाता है कि जब स्कूल के प्राचार्य ने शिक्षक से छात्रों को बाहर करने का कारण पूछा तो शिक्षक ने शनिवार की अनुपस्थिति को इसकी वजह बताया। इसके बाद सभी छात्रों को स्कूल परिसर में प्रवेश करने नहीं दिया गया।

घर लौटने के बजाय दरगाह पहुंचे छात्र

स्कूल से बाहर निकाले जाने के बाद छात्र सीधे अपने घर नहीं गए। सभी दोस्त डिसरगढ़ स्थित शेरशाह बाबा की दरगाह की ओर घूमने निकल पड़े। वहां कुछ देर समय बिताने के बाद सभी ने नदी में नहाने का निर्णय लिया। किसी को भी इस बात का अंदाजा नहीं था कि कुछ ही मिनटों में यह मौज-मस्ती एक बड़ी त्रासदी में बदल जाएगी।

नदी की गहराई बनी मौत का कारण

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नदी में उतरने के बाद छात्र धीरे-धीरे गहरे पानी की ओर चले गए। अचानक तीन छात्र गहराई में फंस गए और डूबने लगे। उनके साथ मौजूद अन्य छात्र घबरा गए और शोर मचाने लगे। देखते ही देखते मौके पर अफरा-तफरी मच गई। छात्रों की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद स्थानीय लोग और नाविक तुरंत नदी में कूद पड़े। काफी मशक्कत के बाद पांच छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन तीन छात्र तब तक गहरे पानी में समा चुके थे। बाद में तलाश अभियान चलाकर तीनों के शव नदी से बाहर निकाले गए।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही सांकतोड़िया फांड़ी की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों के शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि स्कूल से बाहर निकाले जाने के बाद छात्र किन परिस्थितियों में नदी तक पहुंचे और हादसा कैसे हुआ।

स्कूल प्रशासन की भूमिका पर भी उठ रहे सवाल

घटना के बाद स्कूल प्रशासन की कार्य प्रणाली को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। चर्चा इस बात की है कि यदि छात्रों को दंडस्वरूप स्कूल से बाहर भेजा गया था, तो उनकी सुरक्षा को लेकर क्या कोई व्यवस्था की गई थी। हालांकि इस मामले में स्कूल प्रबंधन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

SCROLL FOR NEXT