इलाके में निरीक्षण करते पुलिस अधिकारी  
आसनसोल

पुलिस फांड़ी पर हमला व तोड़फोड़ के आरोप में 7 गिरफ्तार

इलाका पुलिस छावनी में तब्दील

आसनसोल : कुरैशी मुहल्ला के फैज -ए-आम पार्क स्थित जहांगिरी मुहल्ला पुलिस फांड़ी पर बीती शुक्रवार रात करीब 9 बजे स्थानीय कुछ आपराधिक तत्वों द्वारा हमला कर तोड़फोड़ करने से इलाके में तनाव का माहौल बन गया। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने निर्देश दिया है कि किसी भी धार्मिक स्थल पर तेज आवाज में लाउडस्पीकर बजाना गैरकानूनी माना जाएगा। इसी निर्देश को पुलिस द्वारा माइकिंग कर लोगों तक पहुंचाया गया। इसके बाद मस्जिदों में बैठक आदि की जाने लगी। लोगों ने बैठक कर पुलिस को सूचना देने की बात कही। इसी दौरान स्थानीय लोग व्यापक संख्या में पुलिस फांड़ी पहुंचे। लोगों ने लाउडस्पीकर पर रोक संबंधित लिखित जानकारी की मांग की। इसे लेकर स्थानीय लोगों और पुलिस के बीच बातचीत हो ही रही थी कि अचानक काफी संख्या में आपराधिक तत्वों ने फांड़ी पर हमला कर दिया। पत्थर व ईटों की बौछार की गई। उपद्रवियों ने फांड़ी के बाहर व भीतर जमकर तोड़फोड़ की। पंखे, टेबुल, कुर्सी, बल्ब आदि तोड़ दिए गए। फांड़ी के ऊपर बनाए गए लोहे के शेड को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। आपराधिक तत्वों द्वारा फांड़ी प्रभारी और एक इंस्पेक्टर पर प्रहार कर घायल घायल कर दिया गया। फांड़ी प्रभारी उज्जवल साहा का हाथ फ्रैक्चर हो गया। उपद्रवियों ने आसपास के इलाके को भी अपना निशाना बनाते हुए तोड़फोड़ की। घटना के दौरान कई दोपहिया व ऑटो को भी निशाना बनाया गया। पुलिस की गाड़ियों के अलावा आम लोगों की गाड़ियों के साथ तोड़फोड़ की गई। इसके बाद सूचना देकर व्यापक संख्या में पुलिस व केंद्रीय बल के जवानों को बुलाया गया। उपद्रवियों को रोकने के लिए पुलिस ने आंसू गैस व डंडा का प्रहार किया। इसके बाद भगदड़ मच गई। क्षेत्र की सभी दुकानें बंद हो गईं। इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। शुक्रवार देर रात केंद्रीय बलों के जवानों द्वारा रूट मार्च किया गया। पुलिस फांड़ी मामले को लेकर पुलिस आयुक्त सहित सभी बड़े अधिकारियों का दौरा जारी है।

मामले में 7 गिरफ्तार- सीपी

आसनसोल -दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्त डॉ. प्रणव कुमार ने कहा कि पुलिस फांड़ी में तोड़फोड़ व पत्थरबाजी करने के आरोप में अब तक 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। कई को चिन्हित किया जा चुका है। सीसीटीवी फुटेज को देखकर चेहरे की पहचान की जा रही है। कानून के खिलाफ कार्य करने वालों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। फिलहात क्षेत्र नियंत्रण में है। वहीं डीसी ट्रैफिक पीवीजी सतीश, डीसी (सेंट्रल) ध्रव दास सहित कई अधिकारियों वे घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली तथा उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

क्या कहा मंत्री अग्निमित्रा पाल ने

आसनसोल दक्षिण की भाजपा विधायक सह मंत्री अग्निमित्रा पाल ने कहा कि जो लोग बंगाल में रहते हैं। देश में रहते हैं, उन्हें देश का कानून मानना ही पड़ेगा। जो कानून को नहीं मानेगा, उन्हें देश व राज्य को छोड़ कर चला जाना होगा। पुलिस कथित तौर पर अगर जबरन मस्जिदों से माइक खोलती है तो यह गलत है। 15 साल उनलोगों ने कानून का मजाक बना दिया था। भाजपा सरकार बनने पर पुलिस को दिखावे के लिए अनैतिक कार्य नहीं करना चाहिए। पुलिस को माइक की ध्वनि कम करने के लिए लोगों को जानकारी देने की बात कही गई है। भाजपा सबका साथ सबका विकास पर काम करती है। यहां कानून सभी के लिए एक समान है। वहीं आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने कहा कि तोड़फोड़ करने वाले पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस तरह के मामलों को उकसाने वाले लोग खुद एसी में रह कर माहौल को बिगाड़ने का षड्यंत्र करते हैं तो उन पर भी जांच कर कार्रवाई की जाएगी। घटना के पीछे आपराधिक तत्वों का हाथ है। इसमें स्थानीय लोगों को डरने की बात नहीं है।

SCROLL FOR NEXT