बांकुड़ा : बांकुड़ा जिले में एक भीषण सड़क हादसे में छह श्रमिक घायल हो गए। यह दुर्घटना रविवार रात बिष्णुपुर-आरामबाग राज्य मार्ग पर जयपुर थाना क्षेत्र के दासदिघी इलाके में हुई। हादसे के बाद घायलों को तत्परतापूर्वक अस्पताल पहुंचाया गया। जानकारी के अनुसार श्रमिक आलू खुदाई का काम पूरा करके ट्रैक्टर पर सवार होकर कोतुलपुर से जयपुर के बारासात गांव स्थित अपने घरों की ओर लौट रहे थे। इस दौरान दासदिघी इलाके में पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित डंपर ने ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर की ट्रॉली सड़क पर ही पलट गई और उसमें सवार सभी श्रमिक सड़क पर जा गिरे। इस हादसे में कुल छह लोग घायल हुए हैं। हादसे की खबर मिलते ही जयपुर ब्लॉक TMC अध्यक्ष अनूप चक्रवर्ती तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बिना देरी किए एम्बुलेंस का इंतजाम किया और सभी घायलों को कोतुलपुर ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्र ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद, दो श्रमिकों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया गया है। अनूप चक्रवर्ती ने अस्पताल पहुंचकर घायल श्रमिकों के इलाज की व्यक्तिगत रूप से निगरानी भी की।
प्रशासन के खिलाफ स्थानीय लोगों में रोष
ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके में लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बावजूद प्रशासन बेलगाम डंपरों की रफ्तार पर लगाम लगाने में विफल रहा है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि इस सड़क पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएं और तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।